क्रिकेट

IPL 2018: जानें, क्यों रोहित शर्मा ने सूर्य कुमार यादव को ओपनिंग करने भेजा

दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने सूर्य कुमार यादव को ओपनिंग करने भेजा। जानें इसके पीछे क्या कारण थी।
2 min read
• •
Updated: 14 Apr 2018, 6:39 PM IST
surya kumar yadav

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग में शनिवार को मुंबई इंडियंस का सामना दिल्ली डेयर डेविल्स से खेला जा रहा है। इस मैच में दिल्ली के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। वानखडे स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। बल्लेबाजी करने के लिए वानखडे में अपने सलामी बल्लेबाजों को उतारते ही मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने अपने प्रंशसकों को चौका दिया। रोहित ने इस मैच में अपनी जगह सूर्य कुमार यादव को पारी का आगाज करने के लिए भेजा। इस मौके को सूर्य कुमार यादव ने दोनों हाथों से लपकते हुए टीम को शानदार शुरुआत दी।

पावरप्ले में ठोके 84 रन-
मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव और इविन लुईस ने मैदान में आते ही धमाकेदार बल्लेबाजी की। इन दोनों ने पावर प्ले के दौरान ही 84 रन ठोक डाले। टीम को पहला झटका नौवें ओवर में लगा। लेकिन तब तक टीम को स्कोर 100 के पार था। राहुल तेवदिया ने इविन लुईस को आउट करा कर दिल्ली की पहली सफलता दिलाई। लुईस 28 गेंदों पर चार चौके औऱ चार सिक्स की बदौलत 48 रन बनाए।

सूर्य कुमार यादव की दूसरी फिफ्टी-
सलामी बल्लेबाजी करने उतरे सूर्य कुमार यादव ने आज अपने आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। सूर्य कुमार यादव ने 32 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और एक सिक्स की बदौलत 53 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस पारी के साथ ही सूर्य कुमार यादव ने शिखर धवन को पछाड़ते हुए आरेंज कैंप पर कब्जा जमा लिया।

क्यों रोहित ने लिया ये फैसला-
आईपीएल के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा ने आज के मैच में सूर्य कुमार यादव को बतौर सलामी बल्लेबाज भेजने का फैसला लिया। रोहित ने यह फैसला पिछले मैचों में मिली नाकामी के सीखते हुए लिया। बता दें कि इससे पहले इस सीजन में दो मैच खेल चुकी मुंबई की टीम को सलामी जोड़ी ने निराश किया था। रोहित शर्मा अब तक अपनी लय से भटके हुए दिख रहे हैं। लिहाजा उन्होंने पिछले दोनों मैचों में बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले सूर्य कुमार यादव को ओपनिंग करने का मौका दिया।

पिछले सीजन में नहीं मिला था मौका-
सूर्य कुमार यादव आईपीएल में पहली बार मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे हैं। इससे पहले वे कोलकाता नाइट राइटर्स की ओर से खेलते थें। लेकिन केकेआर की ओर से उन्हें बल्लेबाजी करने का ज्यादा मौका नहीं मिलता था। टीम उन्हें निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के लिए भेजती थी। आज की पारी के बाद अब उम्मीद है कि मुंबई उन्हें ओपनिंग करने का ज्यादा मौका दें।

Published on: