क्रिकेट

India’s Fastest Bowler: बिहार की मिट्टी से निकला एक और तूफानी गेंदबाज, टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में मिली जगह

Mayank Yadav in T20I: बीसीसीआई ने शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान किया, जिसमें आईपीएल 2024 में डेब्यू करते हुए सुर्खियां बटोरने वाले मयंक यादव को भी शामिल किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 29 Sep 2024, 3:24 PM IST
Mayank Yadav

IND vs BAN T20 Series 2024: आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए डेब्यू, महज 3-4 मैच खेला और चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया। मगर, इन चंद मौकों में वो लड़का दो बार 'मैन ऑफ द मैच' बना और आईपीएल हिस्ट्री के स्पीड मास्टर में अपना नाम दर्ज करा गया। इम्पैक्ट ऐसा कि पूरी दुनिया उसकी फैन बन गई। नाम है- मयंक यादव। हालांकि, अनफिट होने के कारण पिछले कुछ महीने ये खिलाड़ी गायब था लेकिन अब समय आ गया है उसके कमबैक का। BCCI ने शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान किया। खिलाड़ियों के नाम सामने आते ही एक ऐसा चेहरा एक बार फिर सुर्खियों में आया, जो आईपीएल में अपनी रफ्तार से गदर मचाने के बाद गायब था। आईपीएल 2024 में डेब्यू करते हुए मयंक यादव ने सुर्खियां बटोरी थीं और अब वो बांग्लादेश के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू के बेहद करीब है।

22 साल का यह तेज गेंदबाज 153 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने का माद्दा रखता है। बड़े-बड़े दिग्गज इसके प्रदर्शन से 'मंत्रमुग्ध' थे। यहां तक कि इसकी तुलना शोएब अख्तर जैसे खूंखार गेंदबाज से होने लगी है। रफ्तार के साथ उनके पास बोनस में अच्छी लाइन लेंथ, वेरिएशन और सटीक यॉर्कर भी है जो उनकी गेंदबाजी को मजबूत करते हैं। आईपीएल 2024 में मयंक यादव ने मात्र तीन मैच खेले और चौथे मैच में चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। लेकिन चंद मैचों में वो बीसीसीआई और टीम चयनकर्ता की नजरों में छा गए। हालांकि, चोटिल होने के कारण उन्हें मौका नहीं मिला था। मगर, अब उन्हें टी20 फॉर्मेट के लिए हरी झंडी दे दी गई। तेज गेंदबाज मयंक यादव को पहली बार भारत की टीम में शामिल किया गया है। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया है। सीरीज 6 अक्टूबर से ग्वालियर में शुरू होगी।

बिहार के सुपौल के रहने वाले हैं मयंक

चंद मैचों में इस युवा तेज गेंदबाज ने क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बना ली है। कई क्रिकेट दिग्गज मयंक को लेकर भविष्यवाणी कर चुके हैं कि आने वाले समय में वह भारतीय गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत होगा। मयंक यादव के पिता प्रभु यादव मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले हैं। हालांकि, मयंक का जन्म दिल्ली में ही हुआ और यही पले-बढ़े हैं। मयंक ने 2022 में विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए डेब्यू किया। उनकी गेंदबाजी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के सहायक कोच विजय दहिया का ध्यान आकर्षित किया। आईपीएल 2024 की नीलामी में लखनऊ ने 20 लाख की बेस प्राइस में अपनी टीम के साथ जोड़ा था।

Updated on:
29 Sep 2024, 3:24 PM IST
Published on: