क्रिकेट

IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स के लिए किस नंबर पर खेलेंगे केएल राहुल? विकेटकीपर बल्लेबाज ने दिया ये जवाब

KL Rahul on IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलत हुए नजर आएंगे। इससे पहले वह दो सीजन लखनऊ सुपरजायंट्स के कप्तान रहे थे।
2 min read
• •
Updated: 14 Mar 2025, 7:38 AM IST
KL Rahul

Indian Premier League 2025, KL Rahul: इंडियन प्रीमियर लीग में अन्य फ्रेंचाइजी के साथ कई सीजन बिताने के बाद, विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल 22 मार्च से शुरू होने वाले आगामी 18वें संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। राहुल अब डीसी के लिए खेलने को लेकर खुश हैं, जिन्होंने पिछले साल की मेगा ऑक्शन में उन्हें 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2024 संस्करण के बाद उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने रिलीज कर दिया था। राहुल ने जियो हॉटस्टार से कहा, "नीलामी एक नर्वस-ब्रेकिंग अनुभव था। एक खिलाड़ी के तौर पर यह न जानना कि आप किस टीम के साथ खेलेंगे, कभी भी आसान नहीं होता।''

दांव पर लगा होता है खिलाड़ी का करियर

राहुल ने कहा, "मैं समझता हूं कि टीम बनाते समय फ्रेंचाइजियों को किस तरह के दबाव का सामना करना पड़ता है। लेकिन एक खिलाड़ी के नजरिए से देखें तो यह और भी कठिन है क्योंकि आपका करियर दांव पर लगा होता है। नीलामी किसी खिलाड़ी के भविष्य को आकार दे सकती है या अप्रत्याशित चुनौतियां पेश कर सकती है। मैं निश्चित रूप से नर्वस था, यहां तक कि थोड़ा चिंतित भी था। लेकिन साथ ही, मुझे पता था कि यह मेरे करियर के लिए सही कदम था। उत्साह भी था, हालांकि यह बहुत लंबा नहीं रहा क्योंकि वास्तविकता जल्दी सामने आ जाती है। मैं दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होकर वास्तव में खुश हूं। टीम के मालिक पार्थ जिंदल मेरे करीबी दोस्त हैं और हमने क्रिकेट के बाहर बहुत समय बिताया है और विभिन्न चीजों पर चर्चा की है। मैं आने वाले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।''

आईपीएल 2025 में डीसी द्वारा उतारे जाने वाले संभावित टीम संयोजन के बारे में पूछे जाने पर, राहुल ने कहा, "यह मेरे लिए एक नया अनुभव होगा। मैं उत्साहित और थोड़ा नर्वस दोनों महसूस कर रहा हूं। हर बार जब आप एक नई टीम के माहौल में कदम रखते हैं, तो आपके दिमाग में बहुत सारे विचार आते हैं - खिलाड़ी कैसे होंगे, मालिक टीम को कैसे चलाएंगे , प्रशंसक कैसे प्रतिक्रिया देंगे - ये सब। तो, यह भावनाओं का मिश्रण है। टीम को देखते हुए और प्रबंधन ने जिस तरह से टीम बनाई है, उसे देखते हुए, यह एक संतुलित टीम लगती है। मिशेल स्टार्क, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों के साथ मैं पहले भी खेल चुका हूं, हमारे पास एक ठोस टीम है। मैं आईपीएल के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

आईपीएल 2025 में अपनी पसंदीदा बल्लेबाजी स्थिति के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, "मैं शीर्ष क्रम में खेलते हुए बड़ा हुआ हूं। 11 साल की उम्र में मैंगलोर में अपने पहले प्रतिस्पर्धी मैच से लेकर भारत के लिए खेलने के शुरुआती दिनों तक और अपने करियर के अधिकांश समय तक, मैं शीर्ष क्रम का बल्लेबाज रहा हूं।" राहुल ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सफर पर बात करते हुए कहा कि हाल ही में उन्होंने भारतीय टीम के साथ चैंपियंस ट्रॉफी जीती, जहां उनकी फिनिशिंग पारी ने अहम भूमिका निभाई।"

Updated on:
14 Mar 2025, 7:38 AM IST
Published on:
Also Read
View All