लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास अबतक कोई कप्तान नहीं हैं।
IPL 2025 Mega Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का मेगा ऑक्शन हो चुका है और सभी 10 टीमों ने अपने - अपने स्क्वाड बिल्ड कर लिए हैं। ऑक्शन में कई भारतीय खिलाड़ियों की ऊंची -ऊंची बोली लगी। वहीं कई बड़े नाम अनसोल्ड ही रह गए। ऑक्शन में पांच फ्रेंचाईजी ऐसी थीं, जिनके कप्तान पहले से तय थे। उनमें मुंबई इंडियंस (MI), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), राजस्थान रॉयल्स (RR), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटन्स (GT) का नाम शामिल है। वहीं, बाकी पांच टीमें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG), दिल्ली कैपिटल्स (DC), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान का अबतक अता-पता नहीं है।
कोलकाता नाइट राइडर्स -
कोलकाता नाइट राइडर्स ने मेगा ऑक्शन में चौंकाने वाली बोली लगाते हुए ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा है। फ्रेंचाईजी ने उन्हें खरीदने के लिए लगभग अपना आधा पर्स खर्च कर दिया। ऐसे में क्या वे उन्हें अपना नया कप्तान बनाएंगे? केकेआर के पास पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे के रूप में अनुभवी खिलाड़ी भी है। वे उन्हें भी कप्तानी सौंप सकते हैं।
दिल्ली कैपिटल्स -
दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कप्तान ऋषभ पंत को रिलीज कर दिया था। जिन्हें अब लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ की भारी बोली लगाकर खरीदा है। ऐसे में अब दिल्ली को नए कप्तान की तलाश है। दिल्ली इस बार ऑलराउंडर अक्षर पटेल या विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल में से किसी एक को कप्तानी सौंप सकती है। फ्रेंचाईजी के को-ओनर ने ड्यूल कैप्टेंसी का हिंट दिया है। हो सकता है कि दो अलग-अलग कप्तानी करते नजर आएं। जैसे- होम मैचों के लिए एक कप्तान और अवे मैचों के लिए दूसरा कप्तान।
पंजाब किंग्स -
हर मेगा ऑक्शन की तरह इस ऑक्शन में भी पंजाब किंग्स ने नए सिरे से अपनी टीम बनाई है। पंजाब ने पिछले साल के चैम्पियन कप्तान श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर खरीदा है। ऐसे में वे उन्हें ही कप्तान बना सकते हैं। हालांकि इसकों लेकर फ्रेंचाईजी ने अबतक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
लखनऊ सुपर जायंट्स -
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने कप्तान केएल राहुल को रिटेन नहीं किया था। मेगा ऑक्शन में उन्होंने ऋषभ पंत को 27 करोड़ की भारी बोली लगाकर खरीदा है। ऐसे में अब लखनऊ के पास ऋषभ पंत और निकोलस पूरन के रूप में कप्तानी के दो विकल्प हैं। लेकिन फ्रेंचाइजी पत्ते नहीं खोले हैं। वे जल्द ही इतना आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी अपने कप्तान फाफ डुप्लेसिस को रिलीज कर दिया है और वे अब टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में अब बेंगलुरु के पास कप्तान का कोई ऑप्शन नहीं हैं। टीम या तो युवा बल्लेबाज रजत पाटीदार के हाथों में कमान सौंप सकती है और या फिर पूर्व कप्तान विराट कोहली एक बार फिर टीम का नेतृत्व करते हुए दिखाई दे सकते हैं।