क्रिकेट

CSK vs KKR: चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया

IPL-2026 सीजन के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच रोमांचक मैच खेला गया। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को को हरा दिया है।
2 min read
Apr 15, 2026
Chennai Super Kings Defeat Kolkata Knight Riders
चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया (Photo-ANI)

IPL-2026 सीजन के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से हरा दिया है। CSK से मिले 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 160 रनों पर ही सिमट गई। यह IPL-2026 में KKR की 5वें मैच में चौथी हार है।

KKR की खराब शुरुआत

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से मिले 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की शुरुआत अच्छी नहीं हुई। इस मैच में फिल एलन कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सुनील नरेन 17 गेंदों में 24 रन बनाकर खलील अहमद की गेंद पर गुरजपनीत सिंह को कैच देकर पवेलियन लौटे। कप्तान अजिंक्य रहाणे 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। अंगकृष रघुवंशी भी 19 गेंदों, 3 चौकों और एक छक्के लगाने के बाद 27 रन बनाकर आउट हुए। रिंकू सिंह ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 12 गेंदों का सामना करने के बाद 6 रन बनाकर आउट हुए।

कैमरून ग्रीन खाता खोलने में नाकाम

बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजे गए कैमरून ग्रीन अपना खाता तक नहीं खोल पाए। वह नूर अहमद की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। अंत के ओवरों में रोवमैन पॉवेल और रमनदीप सिंह ने 40 गेंदों में 63 रनों की साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। रमनदीप ने 23 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। वहीं, पॉवेल 31 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में CSK की ओर से नूर अहमद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, अंशुल कंबोज ने 32 रन देकर 2 विकेट निकाले।

CSK ने दिया 192 रनों का लक्ष्य

चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 192 रन लगाए। CSK की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ महज 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 47 रनों की अहम साझेदारी निभाई। आयुष 17 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए।

संजू सैमसन 32 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के लगाने के बाद कार्तिक त्यागी का शिकार बने। डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया, जबकि सरफराज खान ने 23 रन बनाए। शिवम दुबे 13 और ओवरटन 7 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी ने 2, जबकि वैभव, नरेन और अनुकूल रॉय ने एक-एक विकेट चटकाया। चेन्नई सुपर किंग्स की यह इस सीजन की दूसरी जीत है।

Updated on:
15 Apr 2026 12:16 am
Published on:
15 Apr 2026 12:10 am