
IPL 2027 Auction Details: 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले आईपीएल 2027 ऑक्शन के लिए दुनियाभर से 1,220 खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर किया है, जिसमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि इसमें से सिर्फ 66 खिलाड़ियों पर ही बोली लग पाएगी। ऑक्शन से पहले, दस फ्रेंचाइजियों ने पहले ही 184 खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया है। खाली बचे स्लॉट में से ज्यादा से ज्यादा 25 विदेशी क्रिकेटर्स पर बोली लग सकती है। इस बार ऑक्शन में सबसे ज्यादा वो खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं खेला है या इंटरनेशनल मैच खेले हुए 5 साल से ज्यादा समय हो चुका है। ऑक्शन में 994 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल होंगे। इसके अलावा एसोसिएट देशों के 42 क्रिकेटर्स ने भी अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया है।
इन खिलाड़ियों को छह ग्रुप में बांटा गया है। इसमें 170 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके (कैप्ड) खिलाड़ी और 14 भारतीय 'कैप्ड' खिलाड़ी हैं। बाकी श्रेणियों में एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी, IPL का अनुभव रखने वाले 127 'अनकैप्ड' भारतीय खिलाड़ी, 798 ऐसे 'अनकैप्ड' भारतीय खिलाड़ी जो पहले कभी इस लीग का हिस्सा नहीं रहे और 69 'अनकैप्ड' विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
रजिस्टर में सबसे ज्यादा विदेशी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया (53) से हैं। इसके बाद साउथ अफ्रीका के 40, वेस्टइंडीज के 36, न्यूजीलैंड के 25, अफगानिस्तान के 23 और श्रीलंका के 21 खिलाड़ी हैं। इनके अलावा इंग्लैंड के 16, बांग्लादेश के 12, आयरलैंड के 7 और जिम्बाब्वे के 6 खिलाड़ी शामिल हैं। USA के 13 खिलाड़ी हैं, जो किसी भी एसोसिएट देश से सबसे ज्यादा हैं। UAE और नेपाल के 10-10 खिलाड़ी हैं, नीदरलैंड के 3, जबकि कनाडा, जापान और स्कॉटलैंड के 2-2 खिलाड़ी शामिल हैं।
फ्रेंचाइजियों ने अब तक 1,004.40 करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं और ऑक्शन के लिए उनके पास कुल 295.60 करोड़ रुपये बचे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के पास सबसे ज्यादा 47.45 करोड़ रुपये बचे हैं और उन्हें सात खिलाड़ियों को शामिल करना है। गुजरात टाइटंस के पास सबसे कम 8.75 करोड़ रुपये हैं और उन्हें केवल तीन खिलाड़ियों को चुनना है। दिल्ली कैपिटल्स (39.50 करोड़ रुपये) और मुंबई इंडियंस (30.25 करोड़ रुपये) को नौ-नौ खिलाड़ियों की जरूरत है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 41.65 करोड़ रुपये हैं और उन्हें आठ खिलाड़ियों को शामिल करना है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के पास 40.15 करोड़ रुपये हैं और उन्हें सात खिलाड़ियों को चुनना है। चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स को छह-छह खिलाड़ियों की जरूरत है। CSK के पास 28.05 करोड़ रुपये, RR के पास 27.05 करोड़ रुपये और PBKS के पास 18.60 करोड़ रुपये बचे हैं।
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास पांच खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए 14.15 करोड़ रुपये हैं। दिल्ली कैपिटल्स को चार विदेशी खिलाड़ियों को चुनना है। आरसीबी को केवल एक विदेशी खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करना है। फाइनल ऑक्शन लिस्ट और खिलाड़ियों के सेट 4 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।