
Mumbai Indians Captain 2027: आईपीएल 2027 से पहले एक बड़े ट्रेड के तहत मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। इसके बाद अब मुंबई की टीम को नए कप्तान की जरूरत है। कप्तानी की रेस में 5 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें से 2 प्लेयर्स तो ऐसे हैं, जो टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिला चुके हैं। हालांकि, देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट अनुभवी खिलाड़ी को कप्तान बनाने की ओर रुख करती है या किसी नए खिलाड़ी को आजमाती है।
टीम इंडिया को 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाया है। हालांकि, 2024 आईपीएल से पहले मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाया, लेकिन उनका यह फैसला किसी काम नहीं आया। ऐसे में सबसे अनुभवी कप्तान की बात करें, तो पूरे आईपीएल में फिलहाल रोहित शर्मा जैसा कप्तान नहीं है। जब कप्तानी का भार सौंपने के लिए मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट बैठेगी, तो चर्चा सूर्यकुमार यादव पर भी होगी, जिन्होंने 2026 में टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाया था। वह टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।
2026 टी20 वर्ल्ड कप के बाद सूर्या से न सिर्फ कप्तानी छीन ली गई, बल्कि उन्हें टीम इंडिया से भी ड्रॉप कर दिया गया। हालांकि, हाल ही में मुंबई की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लिए सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया है। सूर्यकुमार भी मुंबई इंडियंस की कप्तानी की रेस में शामिल हैं।
मुंबई इंडियंस के पास सबसे बेहतरीन विकल्प तो रोहित शर्मा ही हैं, लेकिन टीम इंडिया के उपकप्तान तिलक वर्मा के बारे में भी मैनेजमेंट सोच सकती है। बड़े मैचों में जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की है और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर जिस तरह मैच फिनिश किए हैं, उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। तिलक मुंबई की टीम के अहम सदस्य हैं और अगर भविष्य को देखते हुए टीम सोचेगी, तो उसमें तिलक वर्मा का नाम सबसे ऊपर होगा।
तिलक के अलावा जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर पर भी MI विचार कर सकती है। दोनों इंटरनेशनल लेवल पर कप्तानी का अनुभव रखते हैं। सैंटनर न्यूजीलैंड टीम के व्हाइट बॉल कप्तान हैं और उनकी लीडरशिप में कीवी टीम ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला भी खेला था। इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी सैंटनर ने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। हालांकि, एक बार उनके सामने रोहित शर्मा जैसा कप्तान था और दूसरी बार सूर्यकुमार यादव।