
IPL 2027: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव करने पर विचार कर रहा है। बोर्ड की योजना है कि 2027 से टूर्नामेंट को मौजूदा समय से पहले शुरू किया जाए, ताकि भीषण गर्मी और प्री-मानसून बारिश के असर को कम किया जा सके।
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने बताया कि इस मुद्दे पर बोर्ड और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के बीच चर्चा चल रही है। प्रस्ताव है कि आईपीएल 2027 का आयोजन 10 मार्च से 15 मई के बीच कराया जाए। अभी टूर्नामेंट आमतौर पर मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू होकर मई के अंत तक चलता है।
सैकिया के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में आईपीएल के आखिरी स्टेज में मौसम बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। मई के दूसरे हिस्से में कई शहरों में भीषण गर्मी पड़ती है, जबकि कुछ जगहों पर प्री-मानसून बारिश भी शुरू हो जाती है। इसका असर खिलाड़ियों की परफॉरमेंस, फैंस की फैसिलिटी और मैचों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और फैंस दोनों की तरफ से मौसम को लेकर शिकायतें मिली हैं। कई विदेशी खिलाड़ी इस भारतीय गर्मी के हिसाब को पूरी तरह नहीं समझ पाते, जिससे उन्हें परेशानी होती है। ऐसे में बोर्ड चाहता है कि टूर्नामेंट को 15 मई तक समाप्त कर दिया जाए ताकि प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले बेहतर मौसम में कराए जा सकें।
आईपीएल 2027 टूर्नामेंट का 20वां संस्करण होगा और बीसीसीआई इसे खास बनाने की तैयारी कर रहा है। इसी कारण बोर्ड पहले से ही कार्यक्रम को लेकर योजना बना रहा है। हालांकि, मैचों की संख्या बढ़ाने को लेकर फिलहाल कोई विचार नहीं है। पिछले कुछ समय से आईपीएल को 74 मैचों से बढ़ाकर 94 मैच करने की चर्चा होती रही है, लेकिन बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि अभी ऐसा संभव नहीं है।
सैकिया ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट प्रोग्राम, विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता और कई अलग-अलग देशों की द्विपक्षीय सीरीज को ध्यान में रखते हुए दो महीने से ज्यादा का विंडो निकालना मुश्किल है। इसलिए आगे आने वाले साल में आईपीएल 74 मैचों के फॉर्मेट में ही खेला जाएगा।