
Ireland New Head Coach Gary Wilson: भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद 24 घंटे के भीतर हेनरिक मलान ने आयरलैंड टीम का हेड कोच पद छोड़ दिया है, जिसके बाद क्रिकेट आयरलैंड आयरिश मूल के पूर्व क्रिकेटर गैरी विल्सन को नया हेड कोच नियुक्त करने का ऐलान किया है। 40 साल के विल्सन ने 2020 में ही इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था। उन्होंने अपने 15 साल के शानदार करियर में 292 बार आयरलैंड को रिप्रेजेंट किया था। 1990 के दशक की शुरुआत में जॉन विल्स के बाद गैरी के रूप में पहला आयरिश हेड कोच मिला है।
गैरी विल्सन अब आयरलैंड के लिए इंटरनेशनल साइकिल के एक अहम मोड़ पर हेड कोच की भूमिका में आए हैं, क्योंकि आयरिश टीम 2027 आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफिकेशन की ओर बढ़ रही है। वह हेनरिक मलान की जगह लेंगे, जिन्होंने आगामी वर्ल्ड कप क्वालिफायर साइकिल पर चर्चा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि मलान आने वाले महीने में विल्सन के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि टीम अगस्त में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज की तैयारी कर सके।
हाई परफॉर्मेंस के डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने इस बदलाव को लेकर कहा कि मैं गैरी विल्सन को उनके अपॉइंटमेंट पर बधाई देना चाहता हूं। उन्होंने एक प्लेयर और एक कोच के तौर पर मजबूत लीडरशिप क्वालिटी दिखाई है। हम इस स्क्वॉड को डेवलप करने के लिए उनके साथ काम करने का इंतजार कर रहे हैं।
गैरी वर्ल्ड कप क्वालिफायर साइकिल में अहम मोड़ पर इस रोल में आए हैं और अब उनके पास अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से शुरू होने वाले टूर्नामेंट की तैयारी के दौरान स्क्वॉड के साथ काम करने के लिए कीमती समय मिलेगा।
वहीं, गैरी विल्सन ने कहा कि एक प्लेयर के तौर पर आयरलैंड को रिप्रेजेंट करना एक ऐसी चीज है, जिस पर मुझे हमेशा बहुत गर्व होगा। लेकिन, अब हेड कोच की भूमिका निभाना एक बहुत ही खास सम्मान है, जो मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं इतने सालों में बहुत खुशकिस्मत रहा हूं कि मुझे कुछ बेहतरीन कोचों के साथ काम करने का मौका मिला है और मुझे बहुत कुछ सीखने का मौका मिला है।
मेरे कोचिंग के विश्वास हर उस कोच से बने हैं, जिनके साथ मैंने काम किया है और ये मजबूत कम्युनिकेशन, खिलाड़ियों से बेस्ट निकलवाने के लिए रिश्ते बनाने और बनाए रखने, कड़ी मेहनत, खिलाड़ी पर ध्यान देने और सफल होने के लिए मोटिवेटेड लोगों के लिए बड़ी चुनौतियां तय करने पर केंद्रित हैं।