क्रिकेट

जाने…. सेहवाग की जुबानी… इसलिए नहीं की स्लेजिंग आस्ट्रेलियाई खिलाडिय़ों ने

आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अनुबंध पर नजर होने के कारण विराट कोहली और बाकी के भारतीय खिलाडिय़ों पर छीटाकशी नहीं कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2017, 10:14 PM IST
verendra sahwag

नई दिल्ली. अपनी बल्लेबाजी के दुनिया में मशहूर वीरेंद्र सहवाग अब अपने शब्दों के तीर के लिए जाने जाते हैं वे बात ही बात बड़ी बात कह जाते हैं मंगलवार को भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अनुबंध पर नजर होने के कारण विराट कोहली और बाकी के भारतीय खिलाडिय़ों पर छीटाकशी नहीं कर रहे हैं। सहवाग ने कहा कि हैरानी की बात तो ये है कि उन्होंने अपना ये रूप तब भी नहीं दिखाया जब वे सीरीज 0-3 से हार चुके थे और 1-4 से हारने के बाद भी उन्होंने कुछ नहीं कहा।
आईपीएल रूपी धनलक्ष्मी जाने का डर
सहवाग ने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया ने कोहली एंड कंपनी से बदजुबानी इसलिए नहीं की क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं धनलक्ष्मी (आईपीएल अनुबंध) उनके हाथ से न निकल जाए। वे जानते हैं कि बदसलूकी की वजह से वे अगले साल होने वाले आईपीएल की मोटी कमाई से हाथ धो बैठ सकते हैं। सहवाग ने कहा, 'वे (ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी) अगले साल होने वाली आईपीएल नीलामी से डरे हुए हैं। अगर उन्होंने वनडे सीरीज में भारतीय खिलाडिय़ों के साथ बदतमीजी की होती तो टीमें उन पर बोली लगाने के पहले कई बार सोचतीं.. उनके बदले व्यवहार का यह भी एक कारण हो सकता है।
जबरदस्त प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलती है
पिछले कुछ वर्षो में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट के मैदान पर जबरदस्त प्रतिद्वंदिता देखने को मिली है। जीत के लिए जहां दोनों टीमें अपना सारा दमखम लगा देती हैं, वहीं कभी-कभी खिलाड़ी भी आपे के बाहर हो जाते हैं। इसी साल जब ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के लिए भारत आई थी, तब भी जुबानी जंग मैदानी जंग से कम नहीं थी। बेंगलुरू में दूसरे टेस्ट के दौरान तब विवाद खड़ा हो गया था जब ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पगबाधा आउट दिए जाने के बाद डीआरएस लें या न लें, इसके लिए ड्रेसिंग रुम की तरफ देखने लगे थे। तब स्मिथ ने अपनी सफाई में कहा था कि उस समय उनका दिमाग कुंद हो गया था। मामला इतना गंभीर हो गया था कि आईसीसी को हस्तक्षेप करके मामला शांत करना पड़ा था।
एकदम बेरंग और आत्मविश्वास से खाली
सेहवाग ने कहा कि अमूमन आक्रामक क्रिकेट खेलने वाले कंगारू हालिया वनडे सीरीज में एकदम बेरंग और आत्मविश्वास से खाली दिखे। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया की टीम दबाव में खेल रही थी क्योंकि उसके पास वे तमाम बड़े खिलाड़ी नहीं थे जो कभी टीम में हुआ करते थे। उनकी टीम दो तीन खिलाडिय़ों पर निर्भर है। डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और एरॉन फिंच। इन तीन खिलाडिय़ों में से स्मिथ कुछ खास नहीं कर पाए। भारत ने आस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में 4-1 से मात दी। दोनों देशों के बीच तीन टी-20 मैच की सीरीज सात अक्टूबर से शुरू हो रही है।

Published on: