क्रिकेट

LPL 2026 मैच फिक्सिंग के आरोप में जाफना किंग्स का सहमालिक गिरफ्तार, भारत को जिताया था अंडर-19 वर्ल्ड कप

Jaffna Kings co-owner arrested: LPL 2026 के ओपनिंग डे मैच के दौरान फिक्सिंग के आरोप में एक फ्रेंचाइजी के सहमालिक मनजोत कालरा को श्रीलंका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बता दें कि कालरा भारत के अंडर-19 वर्ल्‍ड कप 2018 के विजेता हैं और और लंका प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी जाफना किंग्‍स के को-ओनर हैं।
2 min read
Jul 17, 2026
Jaffna Kings co-owner arrested
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनजोत कालरा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/nibraz88cricket)

Jaffna Kings co-owner arrested: लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) के छठे सीजन का भव्‍य आगाज होना था। ओपनिंग मैच में डिफेंडिंग चैंपियन जाफना किंग्स का मुकाबला कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में गाले गैलेंट्स से होना था। लेकिन, खबर आ रही है कि इसी बीच फिक्सिंग के आरोप में एक फ्रेंचाइजी के सहमालिक मनजोत कालरा को श्रीलंका की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। न्यूज़वायर की रिपोर्ट के अनुसार, कथित रूप से फिक्सिंग के मामले में गिरफ्तार जाफना किंग्‍स के सहमालिक का नाम मनजोत कालरा है, जो भारत के अंडर-19 वर्ल्‍ड कप 2018 के विजेता भी रहे हैं।

मिल सकती है ये सजा

न्यूज़वायर की रिपोर्ट की मानें तो जाफना किंग्स के को-ओनर मनजोत कालरा को श्रीलंका पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने कथित मैच फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि से पहले ही एलपीएल के ओपनिंग मैच के दौरान ग्राउंड स्टाफ और मीडिया बॉक्स में ये चर्चा शुरू हो गई कि पुलिस ने एक फ्रेंचाइजी मालिक को गिरफ्तार किया है। बता दें कि श्रीलंका में खेलों में करप्शन पर अंकुश लगाने के लिए सख्त क्रिमिनल कानून हैं। दोषी पाए जाने वालों को भारी जुर्माना और 10 साल तक की जेल की सज़ा हो सकती है।

शुभमन गिल के साथ खेल चुके हैं अंडर-19 वर्ल्‍ड कप

बता दें कि मनजोत कालरा आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2018 जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे, जिसकी कप्‍तानी पृथ्वी शॉ ने की थी। इनके अलावा शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह भी टीम का हिस्‍सा थे। कालरा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में नाबाद शतक लगाकर खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें 2026 लंका प्रीमियर लीग सीजन से पहले जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी के ओनरशिप ग्रुप का हिस्सा घोषित किया गया था।

श्रीलंका क्रिकेट ने की पुष्टि

श्रीलंका क्रिकेट ने पुष्टि की है कि लंका प्रीमियर लीग 2026 का आगाज तय समय पर होगा। अगर जांच एजेंसी किसी भी तरह की मदद मांगती हैं, तो बोर्ड पूरा सहयोग करेगा। गवर्निंग बॉडी ने करप्शन, गलत कामों और गलत कामों के प्रति अपनी जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी दोहराई और इस बात पर जोर दिया कि वह लीग से जुड़े किसी भी स्टेकहोल्डर के गलत काम को बर्दाश्त नहीं करेगी।

Updated on:
17 Jul 2026 03:10 pm
Published on:
17 Jul 2026 02:40 pm