क्रिकेट

भारत के खिलाफ ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे राजस्थान के जय मूंदड़ा की चमकी किस्मत, पहली बार ODI टीम में मिली जगह

Jai Moondra earns ODI call up: राजस्‍थान के टोंक में जन्‍मे जय मूंदड़ा ने हाल ही में आयरलैंड के लिए भारत के खिलाफ जबरदस्‍त मैच जिताऊ प्रदर्शन किया था। उसी प्रदर्शन की वजह से पहली बार उन्‍हें आयरलैंड की ODI टीम में जगह मिली है। उनका ये असाइनमेंट अफगानिस्‍तान के खिलाफ होगा।
2 min read
Jul 28, 2026
Jai Moondra earns ODI call up
संजू सैमसन को आउट करने का जश्न मनाते हुए आयरलैंड के जय मूंदड़ा। फोटो पत्रिका

Jai Moondra earns ODI call up: आयरलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 5 अगस्त से शुरू होने वाली पांच मैचों की सीरीज के पहले तीन वनडे इंटरनेशनल मैचों के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। 14 सदस्यों वाली वनडे टीम में कप्तान पॉल स्टर्लिंग की वापसी हुई है। वह चोट की वजह से भारत के खिलाफ टी20 मैचों में नहीं खेल सके थे। वहीं, राजस्‍थान के टोंक में जन्‍मे जय मूंदड़ा किस्‍मत चमक गई है। वर्ल्ड चैंपियन भारत के खिलाफ आयरलैंड की ऐतिहासिक टी20 सीरीज जीत के हीरो रहे जय को पहली बार राष्‍ट्रीय वनडे टीम में चुना गया है। उनके साथ ही अनकैप्‍ड बेन कैलिट्ज़ को वनडे स्‍क्‍वॉर्ड में शामिल किया गया है।

भारत के खिलाफ जय मूंदड़ा ने बरपाया था कहर

बता दें कि जय मूंदड़ा ने भारत के खिलाफ दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में जबरदस्‍त प्रदर्शन किया था। उन्‍होंने पहले टी20 में जहां अपने चार ओवर के स्‍पेल में सिर्फ 25 रन खर्चते हुए दो अहम विकेट चटकाए थे, तो वहीं दूसरे मुकाबले में अपने चार ओवर के स्‍पेल में सिर्फ 32 रन देकर तीन विकेट लिए थे। वह दूसरे मैच में प्‍लेयर ऑफ द मैच रहे थे और ओवरऑल शानदार प्रदर्शन के लिए उन्‍हें प्‍लेयर ऑफ द सीरीज के खिताब से भी नवाजा गया था। सबसे खास बात ये है कि उन्‍होंने दोनों ही मैचों में भारत के शीर्ष क्रम को आउट किया था।

क्रिकेट आयरलैंड के नेशनल सिलेक्टर ने की तारीफ

क्रिकेट आयरलैंड के नेशनल सिलेक्टर एंड्रयू व्हाइट ने कहा कि हम जय मूंदड़ा और बायरन मैकडोनो को टीम में पाकर खास तौर पर खुश हैं। दोनों खिलाड़ियों में अलग-अलग खूबियां हैं, जिनका हमें लगता है कि सीरीज के दौरान काफी फायदा मिलेगा। वहीं, गैविन होए बीच के ओवरों में गेंद को दोनों तरफ स्पिन करने और विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की अपनी काबिलियत से विकेट ले सकते हैं। जबकि
बल्लेबाजी के नजरिए से बेन कैलिट्ज का दमदार और डायनैमिक तरीका टीम को मिडिल से लोअर ऑर्डर में कीमती विकल्‍प देता है। गेम का मोमेंटम बदलने की उनकी काबिलियत एक असली एसेट है।

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले तीन ODI मैचों के लिए आयरलैंड की टीम

पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, एंड्रयू बालबर्नी, बेन कैलिट्ज, कर्टिस कैंपर, कैड कारमाइकल, जॉर्ज डॉकरेल, गेविन होए, एंड्रयू मैकब्राइन, लियाम मैकार्थी, बायरन मैकडोनो, जय मूंदड़ा, हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर।

Updated on:
28 Jul 2026 06:54 pm
Published on:
28 Jul 2026 06:33 pm