क्रिकेट

आर्चर समते तीन खिलाड़ियों के हाथ लगा बड़ा मौका, वर्ल्ड कप के लिए इंग्लिश टीम में मिली जगह, ये तीन हुए बाहर

आर्चर, डॉसन और विंस को मिली इंग्लिश टीम में जगह। डेनली, विली और हेल्स किए गए टीम से बाहर। 30 मई से इंग्लैंड एंड वेल्स में शुरू होगा वर्ल्ड कप।
less than 1 minute read
• •
Updated: 21 May 2019, 8:12 PM IST
Jofra Archer

लंदन। स्टार ऑलराउंडर जोफ्रा आर्चर ( jofra archer ) और स्पिनर लियाम डॉसन के हाथ लॉटरी लग गई है। इन दोनों को आगामी वर्ल्ड कप के लिए इंग्लिश टीम में चुन लिया गया है। इससे पहले वर्ल्ड कप के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी गई थी। 30 मई से शुरू होने वाले वर्ल्ड कप के लिए जोफरा आर्चर और लियाम डॉसन के अलावा जेम्स विंस को भी टीम में जगह दी गई है।

पाकिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में आर्चर के शानदार प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने ये बड़ा कदम उठाया है। वहीं 29 साल के डॉसन को काउंटी क्रिकेट में हैम्पशायर के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का परिणाम मिला है, जिसकी बदौलत उन्हें विश्व कप की टीम में चुना गया है। उन्होंने काउंटी क्रिकेट में 18 विकेट लिए थे।

ये तीन हुए बाहर-

इन तीनों खिलाड़ियों को जो डेनली, डेविड विली और एलेक्स हेल्स के ऊपर प्राथमिकता देते हुए टीम में शामिल किया गया है। हालांकि हेल्स को पहले ही प्रतिबंधित दवा मामले के चलते सभी फॉर्मेट की टीमों से बैन कर दिया गया था।

आपको बता दें कि आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन इस बार इंग्लैंड में ही हो रहा है।

वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की टीम इस प्रकार है:

इयॉन मोर्गन (कप्तान), जोस बटलर, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, टॉम कुरेन, मोइन अली, जोफ्रा ऑर्चर, जॉनी बेयरस्टो, लियाम डॉसन, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जेम्स विंस, क्रिस वोक्स और मार्क वुड।

Published on: