Hindi News / Sports / Cricket News / India A vs Nepal: नेपाल ने भारत-ए के खिलाफ टॉस जीता, गेंदबाजी का किया फैसला
India A vs Nepal: नेपाल ने भारत-ए के खिलाफ टॉस जीता, गेंदबाजी का किया फैसला
India A vs Nepal: भारत-ए और नेपाल के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का मुकाबला खेला जा रहा है। भारत-ए की ओर से टूर्नामेंट 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा जैसे कई प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तिलक वर्मा टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि नेपाल टीम की कमान संदीप लामिछाने के हाथों में है।
ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2026: भारत-ए और नेपाल के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का चौथा मुकाबला खेला जा रहा है। टूर्नामेंट में ग्रुप-बी के इस मुकाबले में दोनों टीमें अपना पहला मुकाबला खेल रही हैं। भारत-ए में कई अनुभवी खिलाड़ी है, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ चुके हैं। भारत-ए ने इस टूर्नामेंट का पहला खिताब 2013 में जीता था। इसके बाद से भारत-ए टीम खिताब पर कब्जा नहीं जमा सकी है।
नेपाल ने भारत-ए के खिलाफ टॉस जीता और पहले बॉलिंग का फैसला किया। भारत-ए टीम का नेतृत्व तिलक वर्मा कर रहे हैं, जबकि नेपाल टीम की कमान संदीप लामिछाने के हाथों में है।
'हमें वही मिला, जो हम चाहते थे'
नेपाल के टॉस जीतने पर तिलक वर्मा ने कहा, 'हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे और हमें वही मिला जो हम चाहते थे। पिच काफी अच्छी दिख रही है। पहले मुकाबले में हम बोर्ड पर एक बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहते हैं। सभी खिलाड़ी काफी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। हमारी टीम में हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। वैभव युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन हम सभी जानते हैं कि उनमें कितनी प्रतिभा है। रिंकू सिंह टीम के उपकप्तान हैं। हमारा सिर्फ एक ही लक्ष्य है। हम हर मुकाबले पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं और टूर्नामेंट जीतना चाहते हैं।'
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में कुल 8 टीमें खेल रही है, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। इनमें पांच टेस्ट खेलने वाले पूर्ण सदस्य देश हैं, जिन्होंने अपनी 'ए' टीमें भेजी हैं, जबकि तीन एसोसिएट देश शामिल हैं।
2026 की शुरुआत में खेले गए टी20 विश्व कप में नेपाल ने अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था। अब 50 ओवर के प्रारूप में भी टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है, यह देखने वाली बात होगी।