क्रिकेट

वेस्टइंडीज को गुवाहाटी वनडे से पहले बड़ा झटका, पहले मैच का शतकवीर जस्टिन ग्रीव्स चोट के चलते हुआ बाहर

Justin Greaves ruled out: भारत के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मैच मैच में शतकीय पारी खेलने वाले जस्टिन ग्रीव्स पिंडली की चोट के कारण दूसरे वनडे से बाहर हो गए हैं।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
IND vs WI 2nd ODI, Justin Greaves ruled out,
भारत के खिलाफ पहले वनडे में शतक पूरा करने के बाद बल्‍ला उठाते जस्टिन ग्रीव्‍स। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/cricbuz)

Justin Greaves ruled out: वेस्‍टइंडीज की टीम को भारत के खिलाफ गुवाहाटी वनडे से पहले तगड़ा झटका लगा है। पहले वनडे में महज 108 गेंदों पर शतक लगाने वाले जस्टिन ग्रीव्स पिंडली की चोट के कारण दूसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। ज्ञात हो कि ग्रीव्‍स ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफिल्‍ड इंटरनेशनल स्‍टेडियम में ही अपना पहला वनडे शतक बनाया था और वह दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतर सके थे। उन्हें बल्‍लेबाजी के दौरान चोट लग गई थी।

तीसरे मैच में खेलने पर भी संदेह

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के खिलाफ पहले मैच के शतकवीर जस्टिन ग्रीव्‍स चोट के चलते अब गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्‍टेडियम में दूसरे मैच में नहीं खेल पाएंगे। वह तीसरे वनडे से पहले फिट हो पाएंगे, इसको लेकर भी संदेह बना हुआ है। बता दें कि गुवाहाटी में दूसरा वनडे 30 सितंबर को ही दोपहर दो बजे से खेला जाएगा। इसके बाद तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला तीन अक्‍टूबर को चंडीगढ़ में खेला जाएगा। वनडे सीरीज के बाद वेस्‍टइंडीज की टीम भारत के दौरे पर पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसका आगाज 6 अक्‍टूबर को होगा और आखिरी मैच 17 अक्‍टूबर को खेला जाएगा।

एक नजर मैच पर

बता दें कि वेस्टइंडीज ने पहले वनडे मैच में निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 295 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए थे, जिसमें जॉन कैंपबेल और आमिर जंगू ने हाफ-सेंचुरी लगाई थी। वहीं, जस्टिन ग्रीव्स ने 108 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों की मदद से 101 रन की पारी खेली थी। भारत ने 296 रन के लक्ष्‍य को महज 41.4 ओवर में हासिल करते हुए 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। भारत की ओर से विराट कोहली और शुभमन गिल ने शतक लगाए थे। इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है।

दूसरे वनडे के लिए वेस्टइंडीज स्क्वॉड

जॉन कैंपबेल, केसी कार्टी, शाई होप (विकेट कीपर), आमिर जांगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, शमर जोसेफ और विटेल लॉज।

दूसरे वनडे लिए इंडिया स्क्वॉड

रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेट कीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बराड़, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, आकिब नबी और ध्रुव जुरेल।

Updated on:
29 Sept 2026 09:51 pm
Published on:
29 Sept 2026 09:30 pm