क्रिकेट

PCB ने नसीम शाह का करियर बचाया, कितने भारतीय खिलाड़ी राहुल गांधी पर ट्वीट करते हैं? जानें कामरान अकमल ने ऐसा क्यों कहा

क्रिकेटरों के राजनीतिक बयानों पर अकमल ने दो टूक कहा, "जब आप सिस्टम का हिस्सा हों, तो आपको तटस्थ रहना होगा। अपने क्रिकेट पर ध्यान दो।"

2 min read
Apr 01, 2026
पाकिस्‍तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह। (फोटो सोर्स: IANS)

Kamran Akmal, Naseem Shah's career: पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर कमरान अकमल ने तेज गेंदबाज नसीम शाह को सोशल मीडिया विवाद भूलकर क्रिकेट पर ध्यान लगाने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने नसीम की घटती रफ्तार पर गहरी चिंता जताई और कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन पर बैन न लगाकर उनके करियर पर बड़ा एहसान किया है।

दरअसल, नसीम शाह पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है, जो करीब उनकी आठ महीने की तनख्वाह के बराबर है। आरोप है कि उन्होंने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक पोस्ट किए थे। मरियम नवाज गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि थीं। नसीम ने बाद में बिना शर्त माफी भी मांगी, लेकिन PCB ने उन्हें केंद्रीय अनुबंध की कई शर्तें तोड़ने का दोषी पाया।

ये भी पढ़ें

LSG vs DC: दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होगी कांटे की टक्कर, बेहद खतरनाक है हेड टू हेड रिकॉर्ड

बैन होता तो करियर बर्बाद हो जाता

यूट्यूब शो 'गेमप्लान' पर बात करते हुए कमरान अकमल ने कहा, "इस कमेटी के सदस्यों और चेयरमैन ने उसका करियर बचाया है। अगर बैन लग जाता, तो करियर खत्म हो जाता।" लेकिन अकमल की असली चिंता नसीम की गेंदबाजी को लेकर थी। उन्होंने सीधे पूछा, "रफ्तार कहां गई? पहले 145, 150 किलोमीटर प्रति घंटा था, अब 135, 137 पर आ गया। क्या खाया? क्या किया?"

उनकी नसीहत एकदम साफ थी, "इन सब चीजों को छोड़ो, खेलो, जिंदगी को एन्जॉय करो, परफॉर्मर बनो, फोकस करो। गेंदबाजी में और निखार लाओ। जब 2018 में वो सामने आया था तो मैं बहुत खुश हुआ था। इतना टैलेंटेड तेज गेंदबाज। मेहनत और काबिलियत की वजह से कम उम्र में सब कुछ मिला। मेरा मानना है कि उसे जाकर PCB चेयरमैन का शुक्रिया अदा करना चाहिए, जिन्होंने उसके साथ अपने बच्चे जैसा सलूक किया। पैसा वापस आ सकता है, बैन बहुत भारी पड़ता है।"

सिस्टम में हो तो राजनीति से दूर रहो

क्रिकेटरों के राजनीतिक बयानों पर अकमल ने दो टूक कहा, "जब आप सिस्टम का हिस्सा हों, तो आपको तटस्थ रहना होगा। अपने क्रिकेट पर ध्यान दो।" उन्होंने भारतीय क्रिकेटरों का हवाला देते हुए कहा कि BCCI के अनुबंध में रहने वाले खिलाड़ी भी राजनीतिक टिप्पणियों से बचते हैं। अकमल ने कहा, "बताओ उनके कितने खिलाड़ी राहुल गांधी के बारे में ट्वीट करते हैं। दुनिया में ऐसा नहीं होता।"

जुर्माने की तुलना पर भी उठे सवाल

इस पूरे मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू चर्चा में है। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह पर लगाया गया जुर्माना पिछले साल आमेर जमाल को मिली सजा से 16 गुना से भी ज्यादा है। जमाल ने अपनी कैप पर इमरान खान का कैदी नंबर लिखकर मैदान पर प्रदर्शन किया था, जिसके लिए उन्हें हल्की सजा मिली थी। इस तुलना ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्रिकेट जगत में अब इस मुद्दे पर जोरदार बहस छिड़ गई है कि क्या बोर्ड के नियम अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग तरीके से लागू किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें

PBKS vs GT: डेब्यू मैच में ही दिखा कूपर कोनोली का जलवा, ताबड़तोड़ पारी ने ऐसे रखी पंजाब किंग्स की जीत की नीव

Published on:
01 Apr 2026 02:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर