MI vs UPW: मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराते हुए यूपी वॉरियर्स ने डबल्यूपीएल के दूसरे सीजन में पहली जीत हासिल कर ली है। यूपी के इस जीत के साथ ही तीन मैच में दो अंक हो गए। वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। यूपी वॉरियर्स का नेट रनरेट -0.357 है। दूसरी ओर, मुंबई के तीन मैच में चार अंक है। उसका नेट रनरेट गिरकर -0.182 पर आ गया है।
Mumbai Indians vs UP Warriorz, WPL 2024: वुमेन प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे सीजन का छठा मुक़ाबला गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) और यूपी वारियर्स (UPW) के बीच खेला गया। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सलामी बल्लेबाज किरण नवगिरे के ताबड़तोड़ अर्धशतक की मदद से यूपी ने मुंबई को 7 विकेट से हरा दिया है। यूपी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंद पहले यह मैच जीत लिया।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वारियर्स के सामने 162 रनों का लक्ष्य रखा था। जिसे यूपी ने 16.3 ओवर में तीन विककेट खोकर हासिल कर लिया। यह यूपी की इस सीजन में लगातार दो हार के बाद पहली जीत है। वहीं डबल्यूपीएल के इतिहास में यह मुंबई इंडियंस की तीसरी हार है। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से दो बार यूपी वॉरियर्स ने उन्हें हराया है। वहीं एक बार दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने ऐसा किया है। पिछले सीजन में भी एलिसा हेली की कप्तानी वाली टीम ने मुंबई को हराया था।
यूपी के लिए किरण नवगिरे ने बेहतरीन अर्धशतक लगाते हुए 31 गेंद पर 57 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने छह चौके और चार सिक्स लगाए। उन्हें अमेलिया केर ने यास्तिका भाटिया के हाथों कैच कराया। उनके अलावा कप्तान एलिसा हेली ने 29 गेंद पर 33 रन बनाए। इस्सी वोन्ग ने उन्हें साइका इशाक के हाथों कैच आउट कराया।
इन दोनों के अलावा ताहिला मैक्ग्रा का विकेट गिरा था। मैक्ग्रा मात्र एक रन बनाकर इस्सी वोन्ग की गेंद पर एलबीडबल्यू आउट हुई थी। ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा नाबाद रहे और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। इस दौरान हैरिस ने 17 गेंद पर छह चौके और एक सिक्स की मदद से 38 और दीप्ति ने 20 गेंद पर 27 रनों की पारी खेली। मुंबई के लिए इस्सी वोन्ग ने दो और अमेलिया केर ने एक विकेट लिया।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 161 रन बनाए थे। मुंबई के लिए हिली मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा 47 गेंद पर 55 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक सिक्स और 9 चौके लगाए। उनके अलावा विकेट कीपर यास्तिका भाटिया ने 22 गेंद पर 26 और अमेलिया केर ने 16 गेंद पर 23 रन बनाए। यूपी वॉरियर्स के लिए अंजलि सरवानी, राजेश्वरी गायकवाड़, सोफी एक्लेस्टोन, ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा ने एक - एक विकेट झटके।