
Kolkata Knight Riders New Captain: IPL 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद अजिंक्य रहाणे ने संन्यास लेने के फैसला किया, जिसकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। अब कोलकाता नाइट राइडर्स को नए कप्तान की तलाश है और टीम इंडिया की पूर्व ऑलराउंडर ने फ्रेंचाइजी को 2 नाम भी सजेस्ट कर दिए हैं। इरफान पठान का मानना है कि आईपीएल 2027 के लिए रिंकू सिंह को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का नया कप्तान बनाया जा सकता है। हालांकि उन्होंने ये भी बताया कि वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप का भी दावा कमजोर नहीं है। पठान ने इसके पीछे तर्क भी दिए हैं।
इरफान पठान ने बताया कि तीन बार की चैंपियन टीम के पास कप्तानी के लिए बहुत कम विकल्प हैं। अजिंक्य रहाणे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं, जिसके बाद केकेआर नए कप्तान की तलाश में है। पठान ने वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप का भी जिक्र किया, जिन्हें केकेआर 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी में खरीदकर कप्तान बना सकती है।
पठान ने कहा, "रिंकू सिंह को कोलकाता नाइट राइडर्स का कप्तान बनाने को लेकर काफी चर्चा हो रही है। फिलहाल, उनकी टीम में कप्तानी के लिए ज्यादा विकल्प नहीं हैं। ऐसे में रिंकू सबसे बेहतर विकल्प नजर आते हैं। वे नीलामी से भी किसी कप्तान को खरीदने के बारे में सोच सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो केवल एक ही खिलाड़ी का नाम दिमाग में आता है – शाई होप। उन्होंने हाल ही में भारत में एक सीरीज खेली है और बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। वे चाहें तो इस विकल्प पर भी विचार कर सकते हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट के काम करने के तरीके को देखते हुए, मुझे लगता है कि रिंकू सिंह ही कोलकाता नाइट राइडर्स के नए कप्तान बनेंगे।"
पठान ने यह भी कहा कि केकेआर की टीम से रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट में कोई बड़ा चौंकाने वाला नाम नहीं है। उन्होंने कहा कि रहाणे के जाने से अंगकृष रघुवंशी को ऊपर आकर ओपनिंग करने का मौका मिल सकता है।
पठान ने कहा, "उन्होंने जिन खिलाड़ियों को रिलीज किया है, उसमें कोई चौंकाने वाली बात नहीं है। अजिंक्य रहाणे के न होने से अंगकृष रघुवंशी को ओपनिंग का मौका मिल सकता है, अगर टीम उन्हें यह जिम्मेदारी देना चाहे। इस तरह, कई चीजें उनके लिए सही दिशा में बैठ सकती हैं। पिछले साल बाहर रहने के बाद, हर्षित राणा अब गेंदबाजी के लिए पूरी तरह फिट हो गए हैं, जिससे टीम की ताकत और बढ़ेगी। इसलिए, अगर कोलकाता के पास एक अच्छा लीडर हो, तो उनका आने वाला सीजन पिछले सीजन के मुकाबले काफी बेहतर हो सकता है।"