
KL Rahul Test Records: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के अर्धशतकों के दम पर अपनी पहली पारी में एक विकेट खोकर 159 रन बना लिए हैं। हालांकि टीम इंडिया अभी भी मेजबान टीम से पहली पारी के आधार पर 209 रन पीछे है। लेकिन, केएल राहुल ने 116 गेंदों पर नाबाद 52 रनों की पारी खेलकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट में अर्धशतक के साथ एक ऐसी खास उपलब्धि हासिल की है, जो अपने इंटरनेशनल करियर में गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज भी हासिल नहीं कर सके।
बता दें कि केएल राहुल का न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर यह पहला टेस्ट मैच है, जिसकी पहली ही पारी में उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया है। इसके साथ ही वह सभी SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में अर्धशतक बनाने वाले पहले भारतीय ओपनर बल्लेबाज बन गए हैं।
केएल राहुल इस अर्धशतक के साथ ही चारों SENA देशों में टेस्ट क्रिकेट में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले छठे एशियाई ओपनर भी बन गए हैं। बता दें कि ये उपलब्धि पाकिस्तान के ओपनर सईद अनवर और इमरान फरहत, श्रीलंकाई ओपनर सनथ जयसूर्या, मरवन अटापट्टू और दिमुथ करुणारत्ने पहले ही हासिल कर चुके हैं।
न्यूजीलैंड की सरजमीं पर केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। यह दस साल बाद है, जब किसी मेहमान टीम के ओपनर्स ने 50 से ज्यादा रन बनाए है। इससे पहले आखिरी बार 2016 में हैमिल्टन में पाकिस्तानी ओपनर्स ने ऐसा किया था। जब समी असलम (91) और अजहर अली (58) ने पाकिस्तान के लिए 369 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्धशतक लगाए थे। इससे पहले मेहमान टीम 131/0 से 230 रन पर ऑल-आउट हो गई थी।
न्यूजीलैंड ने आज चाय के बाद छह नो-बॉल फेंकी। 2009 के बाद से टेस्ट के एक सेशन में यह सबसे ज्यादा नो-बॉल हैं। इससे पहले इस साल की शुरुआत में ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे दिन पहले सेशन में भी इतनी ही नो-बॉल फेंकी थीं।