क्रिकेट

‘भारत डरा हुआ है’, अफ़गानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले पूर्व भारतीय कप्तान ने की टी20 टीम के चयन की आलोचना

कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना ​​है कि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज का इस्तेमाल भारत के युवा खिलाड़ियों के पूल को बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए था।
2 min read
Sep 05, 2026
India vs Afghanistan T20 Srikkanth Statement
अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के चयन पर पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत ने उठाए सवाल (सोर्स: ANI)

अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज़ के लिए भारत ने अपनी मज़बूत टीम चुनी है, जबकि टीम के चार खिलाड़ी अभी पूरी तरह फ़िट नहीं हुए हैं। इस फ़ैसले पर लोगों ने हैरानी जताई है। बीसीसीआई की नेशनल सिलेक्शन कमिटी ने तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को टीम में वापस बुलाया है।

श्रीकांत ने उठाए सवाल

ये खिलाड़ी अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ दिल्ली में होने वाली सीरीज़ में खेलेंगे, जो 13 सितंबर से शुरू हो रही है। यही टीम इस महीने के आखिर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारत के गोल्ड मेडल का बचाव करने भी जाएगी। हालांकि, भारत के पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता रहे कृष्णमाचारी श्रीकांत ने अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ पूरी मज़बूत टीम उतारने के फ़ैसले की आलोचना की है।

श्रीकांत का कहना है कि टीम मैनेजमेंट नतीजों को लेकर डरा हुआ है, क्योंकि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर भारत को लगातार दो सीरीज़ में हार का सामना करना पड़ा था और टीम ने दौरे के सभी छह मैच गंवा दिए थे। इसके बाद जुलाई में दूसरी दर्जे की टीम ने ज़िम्बाब्वे को 3-0 से हराया था।

अफगानिस्तान के खिलाफ युवाओं को आजमाना चाहिए

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "आयरलैंड और इंग्लैंड में सीरीज हारने के बाद, चयनकर्ताओं ने कोई रिस्क न लेने का फैसला किया और अफगानिस्तान के खिलाफ एक मजबूत टीम चुनी। वे पूरी ताकत लगा रहे हैं, लेकिन यह एक गलती है। अफगानिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ आपको युवाओं को आजमाना चाहिए था। हार के डर से ताकतवर टीम चुनी गई है।

आयरलैंड और इंग्लैंड में हार के बाद यह एक डेस्परेशन मूव जैसा लगता है। यह टीम लगभग वैसी ही है जैसी उन्होंने इंग्लैंड के लिए चुनी थी।" भारत को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में हाल में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सभी छह टी20 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद दूसरी क्लास की भारतीय टीम ने जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीता।

अफगान सीरीज के लिए घोषित टीम में 4 इंजर्ड खिलाड़ी हैं। इस पर श्रीकांत ने कहा, "सिर्फ बेंगलुरु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार नहीं किया जा सकता। इन चारों ने मैच-फिटनेस साबित नहीं की है। वे किस आधार पर फिटनेस के दायरे में आते हैं? सिर्फ इसलिए कि आप बेंगलुरु सीओई में अपनी फिटनेस साबित कर देते हैं, क्या आप फिट हैं? इसी तरह हर्षित राणा इंग्लैंड गए थे, और फिर वहां उनके साथ क्या हुआ? इसलिए मैच-फिटनेस जरूरी है।"

कब खेली जाएगी सीरीज

अफगानिस्तान के खिलाफ चुनी गई भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को जगह मिली है, लेकिन ये खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं हैं। भारत और अफगानिस्तान सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी।

Updated on:
05 Sept 2026 05:43 pm
Published on:
05 Sept 2026 05:41 pm