क्रिकेट

Sri Lanka Tour of England: टीम अनाउंसमेंट के एक ही दिन बाद कप्तान हुआ बाहर, श्रीलंका को बदलना पड़ा टी20 स्क्वॉड

Sri Lanka vs England 2026: इंग्लैंड दौरे से पहले श्रीलंका की टी20 टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। चोट के कारण कप्तान कुसल मेंडिस और बिनुरा फर्नांडो सीरीज से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद चरित असलंका को टीम की कमान सौंपी गई है।
2 min read
Sep 04, 2026
Kusal Mendis
कुसल मेंडिस (फोटो- IANS)

Sri Lanka T20 Squad Update: शुक्रवार को श्रीलंका क्रिकेट ने इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई टी20 टीम में बड़े बदलाव का ऐलान किया। टीम के कप्तान कुसल मेंडिस के साथ बिनुरा फर्नांडो इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज नहीं खेलेंगे। ये दोनों खिलाड़ी लंका प्रीमियर लीग 2026 में चोटिल हो गए थे और अब तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। हालांकि, जब बुधवार को टीम का ऐलान हुआ था तो मेंडिस टीम के कप्तान चुने गए थे, लेकिन उनकी चोट की जानकारी मिलते ही सेलेक्शन पैनल ने टी20 टीम में बदलाव का ऐलान कर दिया।

फिर नजरअंदाज हुए सोनल दिनुषा

अब इन दोनों खिलाड़ियों की जगह पवन रत्नायके और दिलशान मदुशंका को जगह दी गई है। अब टी20 सीरीज की कमान चरित असलंका संभालेंगे, जो पहले टीम के उपकप्तान थे। इंग्लैंड दौरे पर श्रीलंका को तीन टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि दो खिलाड़ियों के बाहर होने के बावजूद अभी भी श्रीलंका क्रिकेट ने सोनल दिनुषा को टीम में जगह नहीं दी है, जिन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाकेदार बल्लेबाजी की थी और चार पारियों में तीन शतक जड़े थे।

आपको बता दें कि श्रीलंका क्रिकेट की टीम जब पिछली बार इंग्लैंड दौरे पर गई थी तो उसे वनडे सीरीज में 2-0 और टी20 सीरीज में 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था।

15 सितंबर को पहला टी20 मैच

श्रीलंका के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत 15 सितंबर से होगी, जहां सीरीज का पहला टी20 मुकाबला साउथेम्प्टन में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टी20 मुकाबला 17 सितंबर को कार्डिफ में और सीरीज का आखिरी मैच 19 सितंबर को मैनचेस्टर में होगा। इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट में और दूसरा मुकाबला लीड्स में खेला जाएगा। सीरीज का आखिरी मैच लंदन में केनिंग्टन ओवल ग्राउंड पर खेला जाएगा।

इसके बाद श्रीलंका की टीम जापान रवाना हो जाएगी, जहां उसे एशियन गेम्स क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेना है। श्रीलंका का पहला मुकाबला 29 सितंबर को होगा, जो कि थर्ड क्वार्टर फाइनल होगा। हालांकि, एशियन गेम्स 2026 के लिए श्रीलंका ने अभी टीम का ऐलान नहीं किया है और उम्मीद की जा रही है कि उस टीम में सोनल दिनुषा को जगह मिले।

Updated on:
04 Sept 2026 02:38 pm
Published on:
04 Sept 2026 02:33 pm