क्रिकेट

LA28 ओलंपिक में क्रिकेट से 6-6 टीमें लेंगी हिस्सा, पुरुष और महिला टीमों के लिए क्वालिफिकेशन के तरीके होंगे अलग

LA28 Olympics Cricket: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने सोमवार को लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के पुरुष और महिला क्रिकेट इवेंट्स के लिए अलग-अलग क्वालिफिकेशन सिस्टम को मंजूरी दे दी है।
2 min read
Jun 29, 2026
LA28 Olympics Cricket
भारतीय टीम। (फोटो सोर्स: IANS)

LA28 Olympics Cricket: 128 साल के बाद आखिरकार ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के पुरुष और महिला क्रिकेट इवेंट्स के लिए क्वालिफिकेशन सिस्टम को मंजूरी दे दी है। इस नई प्रणाली में दोनों प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग क्वालिफिकेशन तरीके निर्धारित किए गए हैं।

क्‍वालीफाई करने वाले देश भेज सकेंगे 15 सदस्‍यीय स्‍क्‍वॉड

इसके साथ ही अब यह सुनिश्चत हो गया है कि ओलंपिक में पुरुष और महिला के टी20 इवेंट में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें शामिल होने वाले सभी देश अपनी-अपनी अधिक से अधिक 15 सदस्‍यीय स्‍क्‍वॉड भेज सकेंगे। इस तरह कुल 180 क्रिकेटर (90 पुरुष और 90 महिला) ओलंपिक में हिस्‍सा लेंगे। बता दें कि इससे पहले 1900 में पेरिस ओलंपिक में क्रिकेट को पहली और इकलौती बार शामिल किया गया था।

4 टीमें आईसीसी मेंस टी20 टीम रैंकिंग के जरिए सीधे क्वालीफाई करेंगी

आईओसी और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से जारी क्वालिफिकेशन सिस्टम से पता चलता है कि टूर्नामेंट्स में पुरुषों और महिलाओं के क्रिकेट इवेंट्स के लिए क्वालिफिकेशन के तरीके अलग होंगे। पुरुषों के टूर्नामेंट के लिए चार टीमें सीधे आईसीसी मेंस टी20 टीम रैंकिंग के जरिए क्वालीफाई करेंगी। हालांकि, क्वालिफिकेशन सिर्फ टॉप चार रैंकिंग वाली टीमों से तय नहीं होगा। इसके बजाय 31 दिसंबर 2026 को क्वालिफिकेशन विंडो खत्म होने पर चार अलग-अलग महाद्वीपों की चार सबसे ऊंची रैंकिंग वाली योग्य नेशनल ओलंपिक कमेटियां सीधे ओलंपिक में जगह पक्की करेंगी।

मेजबानी के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो सकता है यूएस

लॉस एंजिल्स गेम्स में बतौर मेजबान यूनाइटेड स्टेट्स को जगह मिल सकती है, लेकिन शर्त ये है कि वह क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान किसी भी समय आईसीसी मेंस टी20 रैंकिंग में टॉप-15 में रहने की आईसीसी की न्यूनतम योग्यता को पूरा करें। ऐसा नहीं होने की स्थिति में वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। पुरुषों के लिए छठी और आखिरी जगह का फैसला फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट के जरिए होगा, जिसमें शेष एक स्थान के लिए अगली आठ सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीमें मुकाबला करेंगी, जिन्होंने पहले क्वालीफाई नहीं किया है।

महिला टीमों के लिए क्‍वालिफिकेशन

वहीं, महिलाओं के लिए क्वालिफिकेशन का एक अलग सिस्टम है। इसमें चार सीधे क्वालीफायर तय करने के लिए आईसीसी रैंकिंग का इस्तेमाल करने के बजाय आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुख्य क्वालीफाइंग इवेंट होगा। टूर्नामेंट के आखिर में चार अलग-अलग महाद्वीपों की सबसे अच्छी रैंकिंग वाली योग्य टीमें एलए28 के लिए सीधे क्वालीफाई करेंगी।

पुरुषों के इवेंट की तरह मेजबान यूएसए को भी सीधे प्रवेश मिल सकता है, लेकिन उसे भी क्वालिफिकेशन पीरियड के दौरान टॉप-15 में रहने की न्यूनतम रैंकिंग की शर्त को पूरा करना होगा। जबकि छठी टीम का फैसला फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट के जरिए किया जाएगा, जिसमें अगली आठ सबसे अच्छी रैंकिंग वाली योग्य टीमें हिस्सा लेंगी।

आईसीसी चेयरमैन जय शाह का बयान

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि ओलंपिक गेम्स में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल के लिए एक अहम पल है और दुनिया को क्रिकेट का सबसे अच्छा रूप दिखाने का एक जबरदस्त मौका है। इस क्वालिफिकेशन पाथवे का कन्फर्मेशन लॉस एंजिल्स 2028 की ओर एक ज़रूरी कदम है और यह दुनिया भर के मेंबर्स को ओलंपिक स्टेज तक पहुंचने का एक साफ और रोमांचक रास्ता देता है।

ओलंपिक में क्रिकेट का शामिल होना खिलाड़ियों और फैंस को प्रेरित करेगा। यह एक ऐतिहासिक पल है और हमारे मेंबर्स के लिए एक बड़ा मौका है, क्योंकि हम इस खेल को आगे बढ़ा रहे हैं और इसे दुनिया भर के नए दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं।

Updated on:
29 Jun 2026 06:45 pm
Published on:
29 Jun 2026 06:10 pm