क्रिकेट

वह पीड़ित थे… IPL थप्पड़ कांड वीडियो विवाद में आगबबूला हुईं श्रीसंत की पत्नी तो ललित मोदी ने दिया ये जवाब

IPL Slapgate Video Controversy: 17 साल बाद अचानक IPL थप्पड़ कांड अनदेखा वीडियो सार्वजनिक करने पर श्रीसंत की पत्‍नी भुवनेश्वरी ने ललित मोदी और माइकल क्‍लार्क को जमकर खरी-खोटी सुनाई थी, जिसके बाद अब इस मामले में ललित मोदी ने जवाब दिया।

2 min read
Aug 31, 2025
आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी। (फोटो सोर्स: IANS)

IPL Slapgate Video Controversy: पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क पर जमकर अपनी भड़ास निकाली थी, क्योंकि उन्होंने 2008 आईपीएल स्लैपगेट विवाद का एक अनदेखा वीडियो सार्वजनिक किया था। यह घटना श्रीसंत और हरभजन सिंह के बीच हुई थी। अब इस मामले ललित मोदी ने भुवनेश्वरी की आलोचना का जवाब दिया है।

ये भी पढ़ें

मोदी और क्लार्क शेम ऑन यू … थप्पड़ कांड को 17 साल बाद जिंदा करने पर भड़कीं श्रीसंत की पत्नी, बोलीं- मासूम बच्चों को भी…

पॉडकास्‍ट से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, ये विवाद तब शुरू हुआ, जब एक पॉडकास्ट के दौरान मोदी और क्लार्क आईपीएल के पुराने किस्सों पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान ललित मोदी ने वह अनदेखा क्लिप जारी किया, जिसमें मैच खत्म होने के बाद हैंडशेक के दौरान हरभजन सिंह, श्रीसंत को थप्पड़ मारते नजर आए। इस घटना के चलते हरभजन पर 11 मैचों का प्रतिबंध लगा था।

'मैंने सच बता दिया'

ललित मोदी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मुझे नहीं पता कि वह (श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी) क्यों नाराज हैं। मुझसे एक सवाल पूछा गया था, और मैंने सच बता दिया। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता। मैं सच बोलने के लिए जाना जाता हूं। श्रीसंत विक्टिम थे और मैंने वही कहा। इससे पहले किसी ने मुझसे यह सवाल नहीं किया था, इसलिए जब क्लार्क ने पूछा तो मैंने जवाब दिया।

मोदी को सिक्‍योरिटी कैमरा फुटेज से मिली थी क्लिप

मोदी ने माइकल क्लार्क को यह भी समझाया कि यह क्लिप उनकी सिक्योरिटी कैमरा फुटेज से मिली थी, क्योंकि उस समय ब्रॉडकास्टर ने अपने कैमरे बंद कर दिए थे। वीडियो में दिखता है कि पोस्ट-मैच हैंडशेक के दौरान हरभजन ने श्रीसंत को बुलाया और फिर थप्पड़ मार दिया। हालांकि, हरभजन ने इस घटना के लिए कई बार सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। हालांकि, बाद में दोनों खिलाड़ियों ने विवाद को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद दोनों कमेंट्री पैनल और विज्ञापनों में भी नजर आए।

ये कहा था श्रीसंत की पत्‍नी ने

बता दें कि इससे पहले भुवनेश्वरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना की आलोचना करते हुए इसे घृणित, हृदयहीन और अमानवीय बताया था।भुवनेश्वरी ने लिखा कि ललित मोदी और माइकल क्लार्क, आपको शर्म आनी चाहिए। श्रीसंत और हरभजन दोनों ही जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं और अब स्कूल जाने वाले बच्चों के पिता हैं, फिर भी आप पुराने जख्मों को कुरेदने की कोशिश कर रहे हैं। बेहद घिनौना, बेरहम और अमानवीय। श्रीसंत ने भी इंस्टाग्राम पर उनके पोस्ट को रीशेयर किया था।

Also Read
View All

अगली खबर