
IPL 2026 RCB vs GT: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस
IPL 2026 Final RCB vs GT: आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कुछ ही देर में शुरू होगा। इस मैच की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा, जो जीटी का घरेलू मैदान है। हालांकि खिताबी मुकाबले में विरोधी टीम का पहला भारी है लेकिन यहां गुजरात टाइटंस का रिकॉर्ड शानदार है।
गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद के इस मैदान पर अब तक 22 मुकाबले खेले हैं। इसमें से टीम को 15 में जीत मिली है। आईपीएल 2026 में जीटी ने नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले 7 मुकाबलों में से 5 में जीत दर्ज की है, जबकि 2 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल का पहला खिताब इसी मैदान पर साल 2022 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर जीता था। वहीं, साल 2023 में जीटी ने दूसरे क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल का टिकट भी हासिल किया था।
आईपीएल 2026 में अहमदाबाद के इस ग्राउंड पर आरसीबी और जीटी की एक बार भिड़ंत हो चुकी है, जहां गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पूरी टीम को सिर्फ 155 रनों पर ढेर कर दिया था। हालांकि इस सीजन 3 मैचों दोनों टीमें आपस में खेल चुकी हैं और 2 में RCB को जीत मिली है। ओवरऑल रिकॉर्ड में भी बेंगलुरु का पलड़ा भारी है। 9 में से 5 मैच RCB के नाम रहे हैं।
आरसीबी ने अहमदाबाद में अब तक कुल 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में जीत नसीब हुई है। वहीं, 4 मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हार झेलनी पड़ी है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में जीटी के खिलाफ आरसीबी ने 2 मैच खेले हैं। एक मुकाबले में आरसीबी को जीत मिली है, तो एक में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि इसी मैदान पर RCB ने अपना पहला खिताब भी जीता था।
बेंगलुरु की टीम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पिच नंबर 6 पर फिर से उतरने जा रही है। यहां 2025 का खिताबी मुकाबला खेला गया था, जहां रजत पाटीदार एंड कंपनी चैंपियन बनी थी। गुजरात ने भले ही इस सीजन यहां 7 में से 5 मैच जीते हैं लेकिन 200 के लक्ष्य को वो अब तक हासिल नहीं कर पाई है। इस सीजन अब तक खेले 16 में से सिर्फ एक बार वह 200+ का लक्ष्य हासिल कर पाई थी, लेकिन वह मैच मुल्लांपुर में खेला गया था। जबकी RCB 2 बार ये कारनामा कर चुकी है और गुजरात टाइटंस के खिलाफ इसी सीजन 206 रन के लक्ष्य को भेद चुकी है।
Updated on:
31 May 2026 12:38 pm
Published on:
31 May 2026 12:38 pm
