
नई दिल्ली। गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल के 9वे मुकाबले में टॉस हर कर पहले बल्लेबाजी करने आई मुंबई इंडियन ने निर्धारित 20 ओवर में 194 रन बना कर दिल्ली के सामने 195 का टारगेट रखा है। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी रही। खबर लिखे जाने तक दिल्ली ने 10 ओवर में 1 विकेट के नुकसान के 104 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर जैसन रॉय (49) और ऋषब पंत (40) रन बना कर खेल रहे हैं।
मुंबई की शानदार बल्लेबाजी
तीन बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने दिल्ली डेयरडेविल्स के सामने 195 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम के लिए सूर्यकुमार यादव (53) और एविन लेविस (48) ने शानदार शुरुआत की। मेजबान टीम इस शानदार शुरुआत के दम पर निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति पर सात विकेट पर 194 रन बनाने में सफल रहा।
लेविस और यादव की साझेदारी
लेविस और यादव ने पहले विकेट के लिए 9 ओवरों में 102 रनों की साझेदारी की। लेविस इसी स्कोर पर 28 गेंदों पर चार चौके और इतने ही छक्के लगाने के बाद आउट हुए।इसके बाद इशान किशन (44), यादव का साथ देने आए। इन दोनों की साझेदारी रंग नहीं ला सकी। यादव 109 के योग पर राहुल तेवतिया की गेंद पर पगबाधा करार किए गए। यादव ने 32 गेंदों का सामना कर सात चौके और एक सिक्स लगाया। इशान ने इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा (18) के साथ तीसरे विकेट के लिए अच्छी साझेकारी की और स्कोर को 166 तक पहुंचाया। इशान को इसी योग पर डेनियल क्रिस्टीयन ने आउट किया। इशान ने 23 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के लगाए।
दिल्ली की डेथ में शानदार गेंदबाजी
इशान के आउट होने के बाद कप्तान रोहित का साथ देने आए केरन पोलार्ड (0) कुछ नहीं कर सके क्रिस्टीयन की अगली ही गेंद पर आउट हुए। उनका विकेट भी 166 के कुल योग पर गिरा। रोहित भी 179 के कुल योग पर पवेलियन लौट गए।रोहित ने 15 गेंदों पर दो चौके लगाए। क्रूणाल पंड्या ने 11 रन बनाए जबकि हार्दिक पांड्या दो रन बना सके। अकीला धनंजय और मयंक मरक डेय चार-चार रन बनाकर नाबाद लौटे।दिल्ली की ओर से ट्रेंट बाउल्ट, क्रिस्टीयन और तेवतिया ने दो-दो सफलता पाई जबकि मोहम्मद समी को एक सफलता मिली।
दोनों टीमों ने किए ये बदलाव
इस मैच में मुंबई इंडियंस ने दो बदलाव किए हैं। प्रदीप सांगवान को बाहर कर हार्दिक पंड्या को वापस लाया है और बेन कटिंग को बाहर कर अकिला धनंजय को टीम में शामिल किया है वहीं दिल्ली डेयरडेविल्स ने भी दो बदलाव किए हैं न्यजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज कोलिन मुनरो को बाहर कर जैसन रॉय को शामिल किया है और क्रिस मौरिस को बाहर कर डेनियल क्रिस्टियन को खिलाया है।