
नई दिल्ली :भारतीय क्रिकेट टीम ( Indian cricket team ) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ( Mahendra Singh Dhoni) इन दिनों जम्मू-कश्मीर में सेना की ड्यूटी पर तैनात हैं। वहां से महेंद्र सिंह धोनी की कोई न कोई वीडियो सोशल मीडिया पर तकरीबन रोज ही वायरल हो रही है। इस बार उनकी जो वीडियो वायरल हुई है, उसमें वह आर्मी के जवानों के बीच गाना गाते नजर आ रहे हैं। इसे खूब पसंद किया जा रहा है।
इसके पहले यह वीडियो हुए थे वायरल
महेंद्र सिंह धोनी का इससे पहले टेरिटोरियल आर्मी के साथ वॉलीबॉल खेलते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। एक वीडियो में वह अपना जूता पॉलिश करते नजर आते हैं। इस बार वह फिल्म कभी-कभी का गाना 'मैं पल दो पल का शायर हूं' गाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह आर्मी की ड्रेस में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा उनकी एक तस्वीर भी वायरल हुई थी। इसमें वह बल्ले पर ऑटोग्राफ देते नजर आ रहे हैं।
क्रिकेट से ले रखा है दो महीने का ब्रेक
महेंद्र सिंह धोनी ने टेरिटोरियल आर्मी के साथ काम करने के लिए क्रिकेट से दो महीने का ब्रेक ले रखा है। उन्होंने 31 जुलाई 2019 को अपनी ड्यूटी संभाली थी और वह 15 अगस्त तक अपनी बटालियन के साथ रहेंगे। अपनी ड्यूटी के दौरान धोनी पर पेट्रोलिंग, गार्ड और पोस्ट ड्यूटी की जिम्मेदारी है।