
एमएस धोनी। (फोटो सोर्स: एक्स@/ChennaiIPL)
CSK on MS Dhoni: एमएस धोनी क्या चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी के तौर पर 25 प्रतिशत शेयर खरीदना चाहते थे? पिछले महीने सामने आई रिपोर्ट्स में इसी तरह का दावा किया गया था। एक खास रिपोर्ट में कहा गया था कि भारत के पूर्व कप्तान ने सीएसके में हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन फ्रैंचाइजी अपने पूर्व कप्तान की शर्तों पर सहमत नहीं हुआ। इसी बीच क्रिकबज की रिपोर्ट में सीएसके के शीर्ष अधिकारी के हवाले से इस विषय पर बातचीत नहीं होने का दावा किया गया है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि धोनी की वजह से नए हेड कोच पर फैसला नहीं हो सका है, उनके यूएस से लौटने के बाद इस पर भी फैसला लिया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, सीएसके के एक शीर्ष अधिकारी ने एमएस धोनी के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की बात से इनकार किया है। सीनियर अधिकारी ने कहा कि धोनी ने हमसे कभी इस बारे में नहीं पूछा। हमने कभी इस मामले पर चर्चा ही नहीं की। हमें इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं है कि उन्होंने एन श्रीनिवासन के साथ इस बारे में चर्चा की थी।
रिपोर्ट में सीएसके से मिली जानकारी के मुताबिक, धोनी के पास अभी कुछ शेयर हैं। हालांकि उन्होंने ये कुछ शेयर तब खरीदे थे, जब वे खरीदने के लिए उपलब्ध थे। सीएसके के शेयर ओपन मार्केट में ट्रेड नहीं होते हैं, क्योंकि कंपनी अनलिस्टेड है। उन्हें ऑफ-मार्केट ट्रांजेक्शन के माध्यम से प्राइवेट तौर पर खरीदा जा सकता है।
मौजूदा जानकारी के अनुसार धोनी के पास एक लाख से ज्यादा शेयर हैं, लेकिन शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बड़ी स्कीम में यह बहुत छोटा हिस्सा है। पब्लिक के पास 30 करोड़ से ज्यादा आउटस्टैंडिंग शेयर हैं, जो फ्रैंचाइजी की टोटल शेयर कैपिटल का करीब 40 परसेंट है। इसलिए, धोनी के एक लाख से ज्यादा शेयर पब्लिक शेयरहोल्डिंग का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा हैं। वहीं, श्रीनिवासन परिवार के पास फ्रैंचाइजी में 55 प्रतिशत से ज्यादा की हिस्सेदारी है। बता दें कि धोनी को दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटरों में से एक माना जाता है, जिनकी अनुमानित नेट वर्थ करीब 1,200 करोड़ रुपये है।
धोनी ने भले ही सीएसके की कप्तानी छोड़ दी हो और पिछले सीजन में एक भी मैच नहीं खेला हो। लेकिन, सीएसके मैनेजमेंट उनके अगले कदम पर फैसला लेने का इंतजार कर रहा है। खासकर नए हेड कोच को फाइनल करने के मामले में। माना जा रहा है कि वह अभी यूएस में हैं और 22 सितंबर के आसपास उनके लौटने की उम्मीद है। सीएसके मैनेजमेंट उसी दौरान अगले कोच पर फैसला करने और उसके बाद ट्रांसफर और ट्रेड पर चर्चा कर सकता है।
Updated on:
11 Sept 2026 06:58 pm
Published on:
11 Sept 2026 06:58 pm
