क्रिकेट

छत्‍तीसगढ़ में क्रिकेट अकादमी खोलना चाहते हैं महेंद्र सिंह धोनी

देश-विदेश में महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसक लाखों की संख्‍या में हैं और वह धोनी की हर गतिविधि के बारे में जानना चाहते हैं।
2 min read
mahendra singh dhoni
छत्‍तीसगढ़ में क्रिकेट अकादमी खोलना चाहते हैं महेंद्र सिंह धोनी

नई दिल्‍ली : महेद्र सिंह धोनी भी मान चुके हैं कि वह अपने क्रिकेटीय करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं और वह इस बात को बखूबी जानते हैं कि 2019 का एकदिवसीय विश्‍वकप उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। बता दें कि टेस्‍ट टीम से वह रिटायरमेंट ले चुके हैं और पिछले महीने ही उनकी टीम इंडिया की टी-20 टीम से भी बाहर कर दिया गया है।

क्रिकेट अकादमी शुरू करने की है योजना
यहां यह भी बता दें कि देश-विदेश में महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसक लाखों की संख्‍या में हैं और वह धोनी की हर गतिविधि के बारे में जानना चाहते हैं। ऐसे में वह अभी से यह जानने के उत्‍सुक हैं कि आखिरकार रिटायरमेंट के बाद वह क्‍या करेंगे। तो ऐसे प्रशंसकों को बता दें कि धोनी ने रिटायमेंट के बाद क्‍या करना है, इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। वह छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए प्रदेश में क्रिकेट अकादमी शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए उन्‍होंने राज्‍य के खेल विभाग को अपनी योजना का ड्रॉफ्ट बना कर भेजा है। वह छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीरनारायण अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक अकादमी शुरू करने की योजना पर खेल विभाग से बात कर रहे हैं। मिली खबर के अनुसार, खेल विभाग ने इस एमओयू पर अपना कमेंट लगा कर राज्य शासन को यह प्रस्ताव भेज दिया है।

विभाग ने दी जानकारी
इसकी जानकारी देते हुए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के डायरेक्टर धर्मेश साहू ने कहा कि हां, यह सच है कि विभाग को इस आशय का एक प्रस्‍ताव धोनी की ओर से मिला है। उन्‍होंने अपना प्रस्‍ताव डाक के जरिये भेजा है। उनका यह भी कहना था कि अगर यह प्रस्‍ताव स्‍वीकृत हो जाता है तो प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को इससे काफी लाभ होगा।

सीएससीएस भी उस स्‍ट‍ेडियम को लीज पर लेना चाहता है
मिली जानकारी के अनुसार इस स्‍टेडियम को लीज पर लेने में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) भी दिलचस्‍पी दिखा रहा है। उसने राज्य सरकार से 90 साल के लिए स्टेडियम को लीज पर लेने की बात की है। अगर ऐसा होता है तो धोनी के इस प्रस्‍ताव को मंजूरी मिलने की संभावना नहीं है। सूत्र बताते हैं कि छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने इस मैदान को लीज पर लेने की करीब-करीब तैयारी कर ली है। अगर ऐसा होता है तो यह मैदान सीएससीएस और बीसीसीआई के अधीन ग्राउंड होगा और यहां अंतरराष्ट्रीय मैच होने की संभावना भी बढ़ जाएगी।

Published on:
26 Nov 2018 06:57 pm