Mahendra Singh Dhoni अपने वनडे करियर में सिर्फ दो हुए स्टंप पहली बार साल 2011 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ हुए थे स्टंप
साउथैम्पटन।टीम इंडिया के सबसे योग्य विकेटकीपर्स में से एक महेंद्र सिंह धोनी ( Mahendra Singh Dhoni ) अक्सर अपने शानदार खेल के लिए चर्चाओं में रहते हैं। एक बार फिर धोनी चर्चा में हैं लेकिन इस बार अच्छे खेल के लिए नहीं बल्कि खराब खेल के लिए।
अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार को खेले गए मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी स्टंप आउट हुए। धोनी के वनडे करियर में ये केवल दूसरा मौका रहा जब वे स्टंप आउट हुए।
एमएस धोनी ( MS Dhoni ) को अफगानिस्तान के गेंदबाज राशिद खान की गेंद पर विकेटकीपर इकराम अली खिल ने स्टंप आउट किया। धोनी ने अपनी पारी में 52 गेंदों का सामना करते हुए केवल 28 रन बनाए। इस पारी में उनके तीन चौके भी शामिल रहे।
धोनी 200 खिलाड़ियों को कर चुके हैं स्टंपः
महेंद्र सिंह धोनी अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 193 बल्लेबाजों को स्टंप आउट कर चुके हैं। धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में कुल 38 स्टम्प किए। वनडे मैचों में धोनी ने 121 स्टम्प किए हैं। टी-20 में धोनी के नाम 98 मैचों में 34 स्टम्प हैं। धोनी ने अपने वनडे करियर में 345 मैच खेले हैं।
पहली बार भी विश्व कप में हुए थे स्टंपः
इससे पहले भी धोनी विश्व कप में ही स्टम्प आउट हुए थे। 20 मार्च, 2011 को चेन्नई में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में धोनी स्टंप आउट हुए थे। देवेंद्र बीशू की गेंद पर विकेटकीपर डेवोन थॉमस ने धोनी को स्टंप आउट किया था। धोनी ने उस मैच में 30 गेंदों पर एक चौके की मदद से 22 रन बनाए थे।