क्रिकेट

Malaysia Open 2023: भारत की खराब शुरुआत, किदाम्बी श्रीकांत और सायना नेहवाल पहले दौर में बाहर

अपने फॉर्म के लिए संघर्ष कर रहे श्रीकांत को निशिमोतो से 42 मिनट में लगातार गेमों में 19-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि सायना को विश्व की 13वें नंबर की खिलाड़ी चीन की हान युई से 12-21, 21-17, 12-21 से हार झेलनी पड़ी।
2 min read
• •
Updated: 10 Jan 2023, 2:47 PM IST
srikant.png

Malaysia Open 2023: भारत की 2023 सत्र में निराशाजनक शुरूआत हुई है। साल के पहले मलेशिया ओपन 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौरे में ही शीर्ष भारतीय शटलर साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत का खराब प्रदर्शन कर बाहर हो गए हैं। साइना को चीन की हान यू के हाथों हाल का सामना करना पड़ा। वहीं दुनिया के पूर्व नंबर एक श्रीकांत को केंता निशिमोटो ने हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है।

दो बार की कॉमनवेल्थ गेम्स की चैंपियन साइना चीन की हान यू से 12-21 21-17 12-21 से हार गईं। साइना पिछले कुछ वर्षों में कई बार चोट से जूझ चुकी हैं। साथ ही वह खराब फॉर्म से भी गुजर रही हैं। 2022 में भी साइना का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। पहला गेम गंवाने के बाद दुनिया की 30वें नंबर की खिलाड़ी साइना ने वापसी करते हुए महिला एकल के पहले दौर के मैच में निर्णायक मुकाबले में वापसी की। हालांकि, 2012 की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता आगे की राउंड में पिछड़ गईं।

वहीं अपने फॉर्म के लिए संघर्ष कर रहे श्रीकांत को निशिमोतो से 42 मिनट में लगातार गेमों में 19-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। पहले गेम में उन्होंने काफी संघर्ष किया लेकिन निशिमोतो ने बढ़त बना ली। दूसरे गेम में स्कोर एक समय 12-12 से बराबर था लेकिन उसके बाद से जापानी खिलाड़ी ने शिकंजा कस लिया। इस मैच से पहले श्रीकांत का निशिमोतो के खिलाफ 5-1 का करियर रिकॉर्ड था। निशिमोतो ने इससे पहले भारतीय खिलाड़ी को 2018 के हांगकांग ओपन में हराया था।

अन्य महिला एकल मैच में आकर्षि कश्यप को ताइपे की वेन ची सू से 10-21, 8-21 से हारकर बाहर हो जाना पड़ा। आज ही त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी हांगकांग की युंग नगा टिंग और युंग पुई लाम से भिड़ेगी। वहीं, पुरुष युगल के पहले दौर में कृष्णा गरगा और विष्णुवर्धन पंजाला दक्षिण कोरिया की कंग मिन ह्युक और सियो सेउंग जे के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

Published on: