क्रिकेट

रिटायरमेंट लेते ही मनोज तिवारी ने साधा धोनी पर निशाना, कोहली, रोहित और रैना का नाम लेते हुए पूछा तीखा सवाल

तिवारी ने धोनी पर निशाना साधते हुए कहा है कि अब मेरे पास खोने के लिए भी कुछ नहीं बचा है। ऐसे में मैं उनसे अपने करियर से जुड़े कुछ सवाल पूछ सकता हूं। तिवारी ने कहा, 'टेस्ट कैप हासिल न कर पाना औरवनडे में शतक बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिलने के बाद मुझे अगले 14 मैचों के लिए ड्रॉप कर दिए जाने का मुझे अफसोस रहेगा।'
2 min read
dhoni_manoj.png

बंगाल क्रिकेट टीम के कप्तान और पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री मनोज तिवारी ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। तिवारी ने बिहार के खिलाफ खेले गए आखिरी रणजी मुक़ाबले के बाद क्रिकेट को अलविदा कह दिया। भारत के लिए 12 वनडे और तीन अंतरराष्ट्रीय टी20 खेलने वाले 37 साल के मनोज तिवारी संन्यास के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक बयान दिया है।

तिवारी ने धोनी पर निशाना साधते हुए कहा है कि अब मेरे पास खोने के लिए भी कुछ नहीं बचा है। ऐसे में मैं उनसे अपने करियर से जुड़े कुछ तीखे सवाल पूछ सकता हूं। बंगाल क्रिकेट टीम के कप्तान ने कहा, 'जब भी मुझे मौका मिलेगा, तो मैं महेंद्र सिंह धोनी से पूरी विनम्रता के साथ निश्चित तौर एक सवाल करूंगा। मैं पूछना चाहूंगा कि शतक बनाने के बावजूद मुझे भारतीय टीम से क्यों ड्रॉप किया गया? खासतौर पर उस ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद जहां कोई भी रन नहीं बना रहा था। न ही विराट, न ही रोहित और न ही सुरेश रैना किसी का भी बल्ला नहीं चला था। अब तो मेरे पास खोने के लिए भी कुछ नहीं बचा है।'

तिवारी को डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद टेस्ट टीम में कभी मौका नहीं मिला। इसपर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे कभी देश के लिए टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला। पहले 65 फर्स्ट क्लास मैच में मेरा औसत 65 के आस-पास था। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आई थी। मैंने फ्रेंडली मैच में 130 रन बनाए थे। मैंने इंग्लैंड के खिलाफ फ्रेंडली मैच में भी 93 रन बनाए थे। मैं टेस्ट कैप हासिल करने के काफी करीब था, लेकिन तब इन्होंने युवराज सिंह को चुन लिया। टेस्ट कैप हासिल न कर पाना औरवनडे में शतक बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिलने के बाद मुझे अगले 14 मैचों के लिए ड्रॉप कर दिए जाने का मुझे अफसोस रहेगा।'

बता दें मनोज तिवारी ने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने 11 दिसंबर, 2011 को चेन्नई में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला वनडे शतक बनाया। उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, वह श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2012 में टीम का हिस्सा नहीं रहे और उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया गया। धोनी और मनोज तिवारी आईपीएल में भी एक टीम से खेल चुके हैं। दोनों राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए साथ खेले थे।

Published on:
20 Feb 2024 11:59 am