
South Africa vs Australia 3rd Test, Marco Jansen Record: साउथ अफ्रीका के स्टार ऑलराउंडर मार्का यानसन ने इतिहास रच दिया। केप टाउन के न्यू लैंड्स में खेले जा रहे साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया के तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन पहला विकेट हासिल करते ही उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 100 विकेट पूरे कर लिया। इस दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट का इतिहास बदल दिया। वह सबसे कम गेंदों में 100 विकेट पूरा करने वाले दुनिया के दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के वकार यूनिस को पछाड़ दिया। हालांकि वह अपने ही देश के डेल स्टेन से पीछे रह गए। इसके अलावा वह साउथ अफ्रीका के लिए सबसे कम मैचों में 100 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए।
मार्को यानसन ने यह उपलब्धि अपने 24वें मैच में हासिल की है। उन्होंने इस मामले में साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज पीटर पोलॉक को पीछे छोड़ दिया है। प्रोटियाज टीम की ओर से सबसे तेज 100 विकेट चटकाने का रिकॉर्ड वर्नोन फिलेंडर के नाम है, जिन्होंने यह मुकाम अपने 19वें मैच में हासिल किया था। वहीं, डेल स्टेन इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने अपने 20वें मैच में 100 विकेट पूरे किए थे।
यानसन टेस्ट क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने हैं। उन्होंने 3,864 गेंदें डालकर क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपने 100 विकेट पूरे किए हैं। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज वकार यूनिस को पीछे छोड़ दिया है। वकार ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 3,976 गेंदें डाली थीं। इस सूची में शीर्ष पर डेल स्टेन हैं, जिन्होंने 3,631 गेंदें डालकर 100 विकेट पूरे किए थे।
दूसरे दिन के टी-ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 191 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी रही और पहले विकेट के लिए ट्रेविस हेड और मैट रेनशॉ ने मिलकर 58 रन जोड़े। हेड ने 49 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौकों की मदद से 41 रन बनाए। मार्नस लाबुशेन एक बार फिर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
तीसरे विकेट के लिए रेनशॉ ने कैमरून ग्रीन के साथ मिलकर 126 रनों की साझेदारी निभाई। रेनशॉ 74 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ग्रीन 110 गेंदों में 65 रन बनाने के बाद मार्को यानसन का शिकार बने। साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को यानसन और साइमन हार्मर ने दो-दो विकेट चटकाए हैं। इससे पहले, साउथ अफ्रीका की पूरी टीम पहली पारी में 329 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।