क्रिकेट

‘इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर’, ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार के बाद मार्क वॉ, पोंटिंग और हेडन जैसे दिग्गजों के रिएक्शन वायरल

बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया पर इस ऐतिहासिक जीत से ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मार्क वॉ और रिकी पोंटिंग दुखी हैं। वहीं इयान बिशप और रविचंद्रन अश्विन ने जमकर तारीफ की है।
3 min read
Aug 16, 2026
australia lost bangladesh
भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया को घर पर हराने वाली दूसरी एशियाई टीम बनी बांग्लादेश (photo - CricInfo)

Australia vs Bangladesh, 1st Test: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में टेस्ट मैच हराकर इतिहास रच दिया है। डार्विन में खेले गए टेस्ट मैच को बांग्लादेश ने 9 विकेट से जीतकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया में बांग्लादेश की यह पहली टेस्ट विजय है। बांग्लादेश की इस ऐतिहासिक जीत पर क्रिकेट की दुनिया के दिग्गजों ने बधाई दी है। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मार्क वॉ और रिकी पोंटिंग का मानना था कि यह पैट कमिंस की टीम के लिए “शर्मनाक” पल था।

मार्क वॉ की प्रतिक्रिया

फॉक्स क्रिकेट कवरेज पर बात करते हुए वॉ ने इसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा उलटफेर बताया। वॉ ने इसे जनवरी 2024 में गाबा में वेस्टइंडीज द्वारा ऑस्ट्रेलिया को हराए जाने से भी बड़ा उलटफेर करार दिया। उन्होंने कहा, “ऑस्ट्रेलिया में मेरी याद में यह शायद सबसे बड़ा उलटफेर हो सकता है। वेस्टइंडीज ने तीन या चार साल पहले गाबा में ऑस्ट्रेलिया को हराया था, वह एक उलटफेर था।”

वॉ ने आगे कहा, “लेकिन यह वाला उलटफेर इसलिए बड़ा है क्योंकि उनके दो सबसे अच्छे गेंदबाज नाहिद राणा और शोरिफुल इस्लाम नहीं खेल रहे थे। रैंकिंग को देखें तो भी, और ऑस्ट्रेलियाई टीम भी पूरी मजबूती के साथ खेल रही थी।”

रिकी पोंटिंग ने बदलाव की बात कही

इसे बेहद शर्मनाक हार बताते हुए पोंटिंग ने चयनकर्ताओं पर टीम को नए सिरे से तैयार करने का दबाव डाला। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा, “देखिए, मैं बदलाव करने के पक्ष में सबसे आखिरी इंसान हूं। कप्तान या खिलाड़ी के तौर पर मैं हमेशा टीम को एकजुट रखना चाहता था। जब तक हालात बहुत खराब न हो जाएं, तब तक मैं किसी को टीम से बाहर करने की बात नहीं करता। लेकिन यहां आने के बाद मुझे ऐसे कई सबूत मिले जिनसे पता चलता है कि अगर वे टीम में नए खिलाड़ियों को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू करते, जैसे कि किसी दूसरे ओपनर या नंबर 3 पर किसी नए खिलाड़ी को लाना, तो उन्हें कोई खास नुकसान नहीं होता।”

मैथ्यू हेडन ने इन खिलाड़ियों को वापस लागे कहा

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने भी बदलाव की मांग की। उन्हें लगा कि मैनेजमेंट के लिए सैम कॉन्स्टास और मैट रेनशॉ को वापस बुलाने का समय आ गया है, और ट्रैविस हेड को नंबर 3 पर भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “ओपनिंग हेड की सबसे अच्छी पोजीशन नहीं है। मुझे लगता है कि उनकी सबसे अच्छी पोजीशन अभी भी नंबर 5 है। मुझे एलेक्स कैरी का नंबर 5 पर आना पसंद नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “यह सब थोड़ा अस्थिर और अनिश्चित लगता है। और हम इस स्थिति में क्यों हैं? ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बहुत मजबूत है। मेरी राय में, इसे ऐसी स्थिति में होने की जरूरत नहीं है। लेकिन आप किसे चुनते हैं, यह एक बड़ा सवाल है। क्या आप मैच-फिट खिलाड़ियों को चुन रहे हैं या टैलेंट के आधार पर खिलाड़ियों को चुन रहे हैं? जैसे उदाहरण के लिए सैम कॉन्स्टास।”

इयान बिशप ने जमकर तारीफ की

इयान बिशप ने एक्स पर लिखा, "बांग्लादेश क्रिकेट और बांग्लादेश के लोगों के लिए यह एक बड़ी कामयाबी है। यकीनन वे अब उन लोगों से तारीफ और पहचान के हकदार हैं जिनसे पहले यह बहुत कम मिला था। मेहदी और तंजिद का योगदान अहम रहा, लेकिन हसन महमूद खास रहे हैं। उनका एक्शन बहुत अच्छा और सीधा है। कोच फिल सिमंस और उनकी टीम के लिए खुश हूं। बहुत बढ़िया।"

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और बांग्लादेश के पूर्व बैटिंग कंसल्टेंट ने कहा, "बांग्लादेश के लिए क्या शानदार जीत है। ऑस्ट्रेलिया को पहली बार ऑस्ट्रेलिया में हराना एक ऐतिहासिक कामयाबी है और बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़ा पल है। तंजिद हसन, हसन महमूद, मेहदी हसन मिराज और कप्तान शांतो को उनके शानदार प्रदर्शन और नेतृत्व के लिए खास तौर पर धन्यवाद। इसमें शामिल हर किसी को बधाई। यह सिर्फ एक जीत नहीं है। यह दुनिया भर में बांग्लादेश की तरक्की का सबूत है। क्या जबरदस्त उलटफेर है।"

अश्विन और पीटरसन ने बधाई दी

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक्स पर लिखा, "बांग्लादेश की तरफ से बहुत अच्छा और यह तय टेस्ट सेंटर की अहमियत को दिखाता है। डार्विन के हालात ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को हैरान कर दिया है।" इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी बांग्लादेश की जीत पर खुशी जताई है।

मैच पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 198 रन पर सिमट गई थी। बांग्लादेश ने पहली पारी में 426 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर 228 रन की बढ़त बनाई थी। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया 284 रन पर सिमट गई और बांग्लादेश को महज 57 रन का लक्ष्य मिला। बांग्लादेश ने 1 विकेट के नुकसान पर 57 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया। मैच में 9 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हसन महमूद प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

Updated on:
16 Aug 2026 01:49 pm
Published on:
16 Aug 2026 01:49 pm