
India A vs Pakistan A: India A vs Pakistan A: एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आठवां मुकाबला आज रविवार को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टूर्नामेंट के ग्रुप-बी के इस मुकाबले में पाकिस्तान-ए ने भारत-ए के सामने 314 रनों का लक्ष्य रखा है। पाकिस्तान-ए ने 49.2 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 313 रन बनाए।
भारत-ए से टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी रही। शमील हुसैन और माज सदाकत की ओपनिंग जोड़ी ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने 7.5 ओवर में 66 रन जोड़े। शमील हुसैन के रूप में पाकिस्तान को पहला झटका लगा। वह 23 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हुए। इस झटके से पाकिस्तान की टीम अभी उबर भी नहीं सकी थी कि हर्षित राणा ने विकेट-कीपर बल्लेबाज रोहेल नजीर को शून्य पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया।
इसके बाद हसन नवाज और माज सदाकत ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 64 गेंद में 54 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को सूर्यांश शेडगे ने 19.2वें ओवर में माज सदाकत को आउट कर तोड़ा। माज सदाकत अर्धशतक जड़कर आउट हुए। उन्होंने 63 गेंद में 6 चौके और 1 छक्का संग 59 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद हसन नवाज ने अब्दुल समद के साथ चौथे विकेट के लिए 68 गेंद में 65 रन और फरहान युसूफ के साथ 5वें विकेट के लिए 47 गेंद में 44 रन की पार्टनरशिप की। अब्दुल समद 28 रन जबकि हसन नवाज 82 गेंद में 79 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद मोहम्मद इमरान रंधावा और फरहान युसूफ छठे विकेट के लिए 21 गेंद में 34 रन की साझेदारी की। मोहम्मद इमरान रंधावा 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद फरहान युसूफ ने एक छोर संभालते हुए साद मसूद और अहमद दनियाल के साथ छोटी लेकिन महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।
साद मसूद 9 रन, अहमद दनियाल 8 रन और फरहान युसूफ ने 48 गेंद में 56 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह पाकिस्तान की पूरी टीम 49.2 ओवर में 313 रन बना सकी। अली रजा 2 रन बनाकर आउट रहे, जबकि सूफियान मुकीम 3 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत-ए की ओर से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने 2-2 विकेट लिए, जबकि आयुष बदोनी को 1 विकेट मिला।