क्रिकेट

MI vs SRH: विल जैक्स के इशारों पर पूरे मैच में नाची सनराइजर्स, कप्तान ने बताई इस खिलाड़ी असली ताकत

IPL 2025, MI vs SRH: वानखेड़े स्टेडियम में विल जैक्स ने अकेले पूरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को अपनी अंगुली पर नचाया, पहले उन्होंने 2 विकेट हासिल किए फिर बल्लेबाजी के दौरान मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए।
2 min read
• •
Updated: 18 Apr 2025, 7:38 AM IST
Will Jacks

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 4 विकेट से मात दी। इस जीत में इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 2 विकेट चटकाने के साथ-साथ 26 गेंदों पर 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी भी खेली। सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 162 रन बनाए। मुंबई इंडियंस ने इस लक्ष्य को 6 विकेट गंवाकर 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।

SRH की तेज लेकिन खराब शुरुआत

पारी की शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा को जीवनदान मिला, जब विल जैक्स उनका कैच पकड़ने में चूक गए। इस मौके का फायदा उठाते हुए अभिषेक ने 28 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 40 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। ट्रेविस हेड और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की। मुंबई को पहली सफलता हार्दिक पंड्या ने दिलाई, जिन्होंने अभिषेक को पवेलियन भेजा। इसके बाद विल जैक्स ने पहले ईशान किशन (2) और फिर ट्रेविस हेड (28) को आउट कर एसआरएच की रन गति पर ब्रेक लगाया।

नीतीश रेड्डी 19 रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। अंतिम ओवरों में हेनरिक क्लासेन ने 28 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। क्लासेन के आउट होने के बाद अनिकेत वर्मा (18) और पैट कमिंस (8) ने टीम को 160 पार पहुंचाया। मुंबई के लिए जैक्स ने दो विकेट, जबकि पंड्या, बुमराह और बोल्ट ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.1 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की शुरुआत तेज रही, जहां रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने पहले 3.5 ओवर में 32 रन जोड़ दिए। रोहित ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के शामिल थे। रिकेल्टन ने भी 23 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 31 रन जोड़े।

इसके बाद जैक्स और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने 15 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि जैक्स ने 3 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 36 रन बनाए। अंत में हार्दिक पंड्या (21) और तिलक वर्मा (नाबाद 17) ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। आखिरी पलों में नमन धीर बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन तिलक ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर जीत सुनिश्चित कर दी। एसआरएच की ओर से पैट कमिंस ने 3 विकेट, ईशान मलिंगा ने 2 और हर्षल पटेल ने 1 विकेट लिया। यह जीत मुंबई इंडियंस की इस सीजन में सात मैचों में तीसरी जीत रही।

पंड्या ने बताई जैक्स की ताकत

पंड्या ने कहा, "मुझे लगता है कि आज हमने जिस तरह से गेंदबाजी की, वह बहुत ही स्मार्ट और सटीक थी। हम आसान और बुनियादी योजनाओं पर टिके रहे और यह पता लगाया कि कुछ गेंदों को हिट करना आसान नहीं था। गेंदबाजों को श्रेय जाता है कि वे इस प्लान पर टिके रहे और उन्होंने बल्लेबाजों को कुछ अच्छे शॉट खेलने के लिए मजबूर किए। हमने बीच के ओवरों में बहुत ही स्मार्ट तरीके से यॉर्कर फेंकी, जब वे कोई लय नहीं बना पा रहे थे। जैक्स की सबसे बड़ी ताकत यही है। उसके तीन पहलू हैं। वह एक बेहतरीन फील्डर हो सकता है। वह महत्वपूर्ण ओवरों में गेंदबाजी कर सकता है और बल्लेबाजी में वह बहुत विस्फोटक है। यही कारण है कि वह टीम का हिस्सा है।"

Updated on:
18 Apr 2025, 7:38 AM IST
Published on: