
MI London vs London Spirit Match Highlights: द हंड्रेड मेंस में बुधवार रात लंदन स्पिरिट और एमआई लंदन के बीच बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में लहुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से 64 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिससे लंदन स्पिरिट ने द ओवल में एक हाई-स्कोरिंग रन चेज में सात विकेट से 11 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की। यह स्पिरिट की सीजन की पहली जीत है, एमआई लंदन की दूसरी हार है।
20 साल के साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी लहुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने पावरप्ले के ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मैच लगभग स्पिरिट के पक्ष में कर दिया। जॉनी बेयरस्टो के साथ ओपनिंग करते हुए प्रीटोरियस ने शुरू से ही ट्रेंट बोल्ट पर धावा बोला, जिसमें मिडविकेट के ऊपर से 106 मीटर का लंबा छक्का भी शामिल था, जिससे स्पिरिट ने सिर्फ 18 गेंदों में 50 रन पूरे कर लिए। दोनों ने पहली 25 गेंदों में बिना किसी नुकसान के 61 रन जोड़े, जिससे एमआई को संभलने का मौका नहीं दिया।
वहीं, बेयरस्टो की 12 गेंदों में 23 रन की तेज पारी जल्द ही खत्म हो गई, लेकिन प्रीटोरियस ने गेंदबाजों की धुनाई जारी रखते हुए सिर्फ 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी 64 रन की तूफानी पारी में सात छक्के मारे और वह बोल्ट का शिकार बने। जब वह आउट हुए तब स्पिरिट 101 रन पर था। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने 18 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाकर स्पिरिट की सीजन की पहली जीत सुनिश्चित की।
इससे पहले एमआई लंदन ने धीमी शुरुआत के बाद अच्छी वापसी करते हुए 164 रन बनाए। विल जैक्स और जेम्स विंस पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के सिर्फ 28 रन बना पाए। पावरप्ले के बाद दोनों ने तेजी पकड़ी। जैक्स ने 30 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।
हालांकि, स्पिरिट ने बीच के एक अहम हिस्से में वापसी की। जेम्स कोल्स ने विंस को 26 रन पर आउट करके ओपनिंग साझेदारी को तोड़ा। जेमी ओवरटन ने जैक्स को 65 रन और निकोलस पूरन को सस्ते में आउट कर दिया। इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने 19 गेंदों पर 41 रन बनाकर एमआई लंदन को 160 के पार पहुंचाया।