2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IND vs NZ: T20 सीरीज खत्म होते ही श्रेयस अय्यर-गौतम गंभीर पर उठे सवाल, पूर्व क्रिकेटर ने की जमकर आलोचना

IND vs NZ T20 Series 2026: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय गेंदबाज पिटते रहे लेकिन गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर ने टीम में शामिल दिग्गज स्पिनर को एक मैच में भी नहीं खिलाया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Vivek Kumar Singh

•

Updated: 2 Nov 2026, 8:35 PM IST

Gautam Gambhir and Shreyas Iyer

गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर (फोटो- IANS)

India vs New Zealand: न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया के स्क्वॉड में इकलौते स्पेशलिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव थे। लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। 5 मैचों की सीरीज के पहले 3 मैच में शानदार जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया आखिरी 2 मैच बुरी तरह हार गई। चौथे टी20 में न्यूजीलैंड ने 259 रन बनाए तो आखिरी टी20 में 195 रन उन्होंने 18 ओवर में ही 3 विकेट खोकर बना दिए। इस प्रदर्शन के बाद कप्तान ने भी टीम इंडिया के गेंदबाजों की आलोचना की लेकिन टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वेंकटपति राजू ने कप्तान और कोच पर ही निशाना साध दिया है।

कुलदीप को बेंच पर बैठाने से हैरान

टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर वेंकटपति राजू ने कुलदीप यादव को एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिलने पर हैरानी जताई है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट से अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कुलदीप यादव को ज्यादा से ज्यादा मौके देने की मांग की है। टीम इंडिया ने यह टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी। लेकिन भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन खराब रहा।

राजू ने कहा कि कुलदीप जैसे कलाई के स्पिनर व्हाइट बॉल क्रिकेट में किसी भी टीम के लिए तुरुप के इक्के होते हैं। इसके बावजूद उन्हें लगातार टीम में शामिल करने के बाद भी प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट कुलदीप को खिलाना नहीं चाहता तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने की अनुमति देनी चाहिए, क्योंकि किसी भी स्पिनर को जितने ज्यादा मैच खेलने का मौका मिलता है, उसका नियंत्रण और अनुभव उतना ही बेहतर होता है।

राजू ने कहा, "यह हैरान करने वाला है। हम सभी पूर्व क्रिकेटर हैं और इस बारे में आपस में चर्चा भी करते हैं। जब आप कुलदीप को टीम में रखते हैं तो उसे खेलने का मौका क्यों नहीं देते? हम सभी जानते हैं कि व्हाइट बॉल क्रिकेट में कलाई के स्पिनर कितने महत्वपूर्ण होते हैं। जब आपके पास तीनों फॉर्मेट में ऐसा गेंदबाज मौजूद है और वह बेंच पर बैठा रहता है तो यह हैरानी की बात है।"

उन्होंने आगे कहा कि आजकल न्यूजीलैंड ही नहीं, बल्कि भारत के खिलाफ खेलने वाली दूसरी टीमों के बल्लेबाज भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं। भारतीय गेंदबाजी में स्किल तो है, लेकिन विविधता की कमी नजर आ रही है। ऐसे में कुलदीप यादव को ज्यादा से ज्यादा मौके मिलने चाहिए।

गंभीर के बयान पर भी उठाए सवाल

वेंकटपति राजू ने भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के उस बयान पर भी अपनी बात रखी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह सभी को खुश करने के लिए नहीं हैं। राजू का मानना है कि टीम मैनेजमेंट से किसी को खुश करने की उम्मीद नहीं की जा रही है, बल्कि उससे अपने मैच विनर्स का सही इस्तेमाल करने की अपेक्षा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुलदीप यादव को तीनों फॉर्मेट की टीम में चुना जाता है तो उन्हें खेलने का मौका क्यों नहीं मिलता। राजू ने कहा कि कुलदीप जैसे गेंदबाज को मैच फिट रहने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव हासिल करने के लिए लगातार खेलने की जरूरत है।