
Mitchell Santner on Team India: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में जहां सभी की निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं, वहीं अभिषेक शर्मा ने मैच का रुख पलट दिया। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उनकी तूफानी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ने शुरुआती पांच ओवर में 100 रन बना डाले।
वैभव सूर्यवंशी 19 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा ने महज 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। हालांकि, वह 38 गेंदों में 9 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 113 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारत ने 13.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारतीय टीम के हाथों मिली इस हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारतीय बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की।
भारतीय टीम के हाथों मिली लगातार तीसरी हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, 'जब ये खिलाड़ी (अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी) अपनी लय में बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, तो उन्हें रोकना काफी मुश्किल हो जाता है। हम ऐसा पहले भी देख चुके हैं। आईपीएल में भी हमने ऐसा होते देखा है। आज न्यूजीलैंड में भी हमने इसे अपनी आंखों के सामने देखा।'
न्यूजीलैंड के स्कोर के बारे में बात करते हुए सैंटनर ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैंने इस बारे में थोड़ा आकलन कर लिया था। हमने एक बार फिर टॉस गंवा दिया। लेकिन जिस तरह डैरिल और बेवन जैकब्स ने मिलकर साझेदारी की, उससे हम 200 रन के स्कोर की ओर बढ़ रहे थे। जाहिर तौर पर इस तरह की पिच पर 200 रन का स्कोर अच्छा होता। मुझे लगा कि उन्होंने आखिरी कुछ ओवरों में बहुत अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने सटीक यॉर्कर डालीं और हमारे लिए रन बनाना मुश्किल कर दिया। इसलिए, कुल मिलाकर हम अपने प्रदर्शन से ठीक-ठाक संतुष्ट थे। हम जानते थे कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी। लेकिन जब ओस आ जाती है, तो बल्लेबाजों को रोकना काफी मुश्किल हो जाता है। इस खेल में पावरप्ले की भूमिका बहुत अहम होती है और उन्होंने दिखाया कि पावरप्ले में किस तरह बल्लेबाजी करनी चाहिए।'