क्रिकेट

Mitchell Starc record: टेस्ट क्रिकेट में 10वें सबसे सफल गेंदबाज बने मिचेल स्टार्क, डेल स्टेन को पछाड़ा रचा इतिहास

मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेटों के मामले में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे दिया है। स्टार्क अब स्टेन को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट इतिहास से दसवें सफलतम गेंदबाज बन गए हैं।
2 min read
• •
Aug 22, 2026
Mitchell Starc
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Photo - IANS)

Mitchell Starc, Australia vs Bangladesh, 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुक़ाबला मैके के ग्रेट बैरियर रीफ़ एरीना में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क बांग्लादेश के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूट पड़े हैं। स्टार्क ने घातक गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश की पहली पारी मात्र 64 रन पर समेट दी।

डेल स्टेन को इस मामले में पछाड़ा

स्टार्क ने 10 ओवर में 6 मेडन फेंकते हुए मात्र 12 रन देकर 6 विकेट लिए। इस दौरान पांचवां विकेट लेते ही उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़ दिया। टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में स्टार्क टॉप 10 में आ गए हैं। स्टार्क अब टेस्ट क्रिकेट इतिहास से दसवें सफलतम गेंदबाज बन गए हैं।

टेस्ट क्रिकेट में 10वें सबसे सफल गेंदबाज

साउथ मैके में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। स्टार्क ने अपनी आग उगलती गेंदबाजी से बांग्लादेश की शीर्ष क्रम बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। 36 साल के स्टार्क के अब 107 टेस्ट मैचों की 205 पारियों में 441 विकेट हो चुके हैं। स्टार्क एक पारी में 19 बार 5 या उससे अधिक विकेट ले चुके हैं, जबकि एक मैच में 10 या उससे अधिक विकेट 3 बार ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन देकर 7 विकेट है।

स्टार्क से आगे अब वेस्टइंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाज कॉर्टनी वॉल्श हैं। वॉल्श के नाम 132 टेस्ट में 519 विकेट हैं। देखना होगा कि स्टार्क इस रिकॉर्ड को तोड़ पाते हैं, या नहीं। डेल स्टेन ने 2004 से 2019 के बीच 93 टेस्ट मैचों में 439 विकेट लिए थे। स्टेन अब 11वें नंबर पर चले गए हैं।

मुरलीधरन के नाम है रिकॉर्ड

टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट श्रीलंका के ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है। मुरलीधरन ने 1992 से 2010 के बीच 133 टेस्ट में 800 विकेट लिए हैं। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न हैं। वॉर्न ने 1992 से 2007 के बीच 145 टेस्ट में 708 विकेट लिए थे। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन 2003 से 2024 के बीच 188 टेस्ट में 704 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं।

Updated on:
22 Aug 2026 12:25 pm
Published on:
22 Aug 2026 12:25 pm