
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ( File Photo- IANS)
Afghanistan vs Bangladesh, One-off Test: अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच एक मात्र टेस्ट मैच अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के तीसरे दिन बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने कमाल की बॉलिंग कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया है। दरअसल, टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले वे बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं।
बांग्लादेश की पहली पारी के 346 रन के जवाब में अफगानिस्तान की टीम 240 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह बांग्लादेश ने पहली पारी के आधार पर 106 रन की बढ़त हासिल कर ली। इस बढ़त में हसन महमूद की घातक गेंदबाजी का अहम योगदान रहा।
हसन महमूद ने दूसरी नई गेंद से शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अफगानिस्तान की पहली पारी के 83वें ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर क्रमशः इस्मत आलम, कैस अहमद और जिया उर रहमान को आउट किया। लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर उन्होंने इतिहास रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए।
इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश की ओर से आलोक कपाली और सोहाग गाजी भी हैट्रिक ले चुके थे, लेकिन ये दोनों स्पिन गेंदबाज थे। हसन महमूद की शानदार गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान की पहली पारी जल्द ही सिमट गई और पूरी टीम 240 रन पर ऑलआउट हो गई।
अफगानिस्तान की पहली इनिंग में रहमत शाह ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने नाबाद शतकीय पारी खेली। 105 रन की इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अलावा अब्दुल मलिका ने 62 रन और इकराम अलिखिल ने 32 रन का योगदान दिया।
बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने पहली इनिंग 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा इबादत हुसैन ने 4 खिलाड़ियों को आउट किया। हसन मिराज ने एक विकेट लिया।
आपको बता दें कि बांग्लादेश ने शादमान इस्लाम (67 रन), तंजीद हसन तमीम (83 रन) और विकेट-कीपर बल्लेबाज लिटन दास (53) के अर्धशतकों से पहली पारी में 346 रन बनाए थे। इनके अलावा बांग्लादेश के मोमिनुल हक ने 39 रन, नजमुल हुसैन शांतो ने 29 रन, मेहंदी हसन मिराज ने 24 रन का योगदान दिया। नईम हसन 35 रन बनाकर नाबाद रहे।
Updated on:
11 Oct 2026 01:12 pm
Published on:
11 Oct 2026 12:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
