
Nicholas Pooran Fastest Century in MLC 2026: वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने टी-20 क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है। मेजर लीग क्रिकेट (MLC 2026) के पहले एलिमिनेटर मैच में पूरन ने सामने वाली टीम के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी। एमआई न्यूयॉर्क (MI New York) की तरफ से खेलते हुए इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ सिर्फ 31 गेंद में शतक ठोक दिया। आउट होने से पहले पूरन ने 33 गेंदों में 106 रनों की बेहद आतिशी पारी खेली, जिसमें 13 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके शामिल थे। यह एमएलसी के इतिहास का सबसे तेज शतक है।
इस मैच में निकोलस पूरन ने दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज क्रिस गेल के एक बड़े रिकॉर्ड को लगभग तोड़ ही दिया था। आईपीएल 2013 में क्रिस गेल ने रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ सिर्फ 30 गेंद में शतक जमाया था, जो फ्रेंचाइजी टी-20 का सबसे तेज शतक है। पूरन सिर्फ एक गेंद से गेल के इस रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गए। हालांकि, अगर ओवरऑल टी-20 क्रिकेट की बात करें, तो सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड इस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने 2024 में साइप्रस के खिलाफ सिर्फ 27 गेंद में सेंचुरी बनाई थी।
एमआई न्यूयॉर्क (MIY) का पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद निकोलस पूरन दूसरे ही ओवर में क्रीज पर आ गए थे। उन्होंने मैदान पर आते ही छक्कों की बरसात शुरू कर दी। अपनी दूसरी ही गेंद पर छक्का मारने के बाद, उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल के ओवर में लगातार तीन छक्के और एक चौका जड़ा। इसके बाद पांचवें ओवर में सौरभ नेत्रवलकर की आखिरी तीन गेंदों पर उन्होंने लगातार तीन छक्के मारे। फिर जब सातवें ओवर में आसिफ मोहम्मद गेंदबाजी के लिए आए, तो पूरन ने उनकी शुरुआती दो गेंदों पर भी दो छक्के टांग दिए। इस तरह उन्होंने लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के मारने का कारनामा भी कर दिखाया।
निकोलस पूरन की इस ऐतिहासिक पारी के दम पर एमआई न्यूयॉर्क ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 266 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में वाशिंगटन फ्रीडम ने 7 ओवर में 2 विकेट पर 78 रन बना लिए थे। आपको बता दें कि टेक्सास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम (Grand Prairie Stadium) में खेले जा रहे इस नॉकआउट मैच में हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि लॉस एंजिल्स नाइटराइडर्स पहले ही क्वालिफायर 1 जीतकर फाइनल में जगह बना चुकी है।