
नई दिल्ली। पुलवामा आतंकी हमले के बाद देशभर से शहीदों के परिजनों की मदद की जा रही है। आम लोगों से लेकर फिल्म हस्तियों, क्रिकेटरों और राजनेताओं ने शहीदों के परिजनों को मदद का ऐलान किया है। इस बीच टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भी शहीदों के परिजनों के मदद का हाथ आगे बढ़ाया है।
- मोहम्मद शमी ने शहीदों के परिजनों को 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की है। शमी ने सीआरपीएफ वेलफेयर फंड में ये राहत राशि दी है।
- शमी ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है, “ जब हम देश के लिए खेलते हैं, तब वो बॉर्डर पर खड़े होते हैं, हमारी रक्षा के लिए। हम अपने जवानों के परिवार वालों के साथ खड़े हैं, हम हमेशा उनके लिए रहेंगे।”
- आपको बता दें कि इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग ने भी शहीदों के परिजनों की मदद का ऐलान किया था। सहवाग ने शहीदों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा की थी।
- इसके अलावा बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सी.के. खन्ना ने प्रशासकों की समिति (सीओए) के प्रमुख विनोद राय से पुलवामा आतंकी हमले के शहीदों के परिजनों को कम से कम पांच करोड़ रुपये देने का अनुरोध किया है।
- सहवाग के अलावा गौतम गंभीर और शिखर धवन ने पुलवामा आतंकी हमले की कड़ी निंदी की थी और पाकिस्तान पर निशाना साधा था।