
Virat Kohli unwanted ODI records: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी 5 मैचों की वनडे सीरीज अब आखिरी मोड़ पर पहुंच गई है। इस सीरीज का 5वां और आखिरी वनडे मुकाबला रविवार को माउंट माउंगानुई में खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का बुरा हाल है। उसने 8.1 ओवर में ही 34 के स्कोर पर अपने शीर्ष तीन बल्लेबाज रोहित शर्मा, रुतुराज गायकवाड़ और विराट कोहली के विकेट गंवा दिए हैं। कोहली इस मैच में भी महज 7 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 5 रन स्कोर बोर्ड पर लगा पाए हैं। इसके साथ ही उनके नाम बेहद ही शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया है। इससे पहले उन्होंने इतना खराब प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ 2012-13 की बाइलेटरल होम वनडे सीरीज में किया था।
बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज की तीन पारियों में विराट कोहली सिंगल डिजिट स्कोर से आगे नहीं बढ़ सके हैं। विराट ने इस सीरीज के दूसरे मैच में 7 रन, चौथे वनडे में 0 और पांचवें वनडे में 5 रन बनाए। यह दूसरी बार है, जब कोहली ने किसी बाइलेटरल वनडे सीरीज में तीन सिंगल-डिजिट स्कोर बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने पहली बार 2012-13 में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज की तीन पारियों में 0, 6 और 7 का स्कोर बनाए थे।
वहीं, ऑलओवर वनडे सीरीज की बात करें तो यह चौथी बार है, जब विराट कोहली सबसे ज्यादा बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं। इस मामले में वह पहली बार 2011 के वनडे वर्ल्ड कप में तीन बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए थे। उसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में और 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया में खेली गई कार्लटन मिड वनडे ट्राई-सीरीज में वह तीन बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए थे। कोहली अब तक चार सीरीज में 3-3 बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं। यानी न्यूजीलैंड के खिलाफ 2026 की सीरीज में कोहली ने अपने इस अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
| बार | सीरीज | साल |
|---|---|---|
| 3 | वर्ल्ड कप | 2011 |
| 3 | पाकिस्तान का भारत दौरा | 2012/13 |
| 3 | कार्लटन मिड ODI ट्राई-सीरीज, ऑस्ट्रेलिया | 2014/15 |
| 3 | भारत का न्यूजीलैंड दौरा | 2026 |