क्रिकेट

IND vs NZ: 5 मैचों की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज, लिस्ट में तीसरे स्थान पर विराट कोहली

India vs New Zealand: विराट कोहली के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में इतिहास रचने का मौका है। वह एक वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के फखर जमान के 515 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश करेंगे। जानें इस रिकॉर्ड की टॉप-10 लिस्ट में कौन-कौन से बल्लेबाज शामिल हैं।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 8:45 PM IST
New Zealand vs India 1st ODI
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली (Photo- X/@BCCI)

Virat Kohli in ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार 74 रन की पारी खेली थी। माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड का यह उनका आखिरी दौरा हो सकता है, क्योंकि 2027 वर्ल्ड कप के बाद वह वनडे फॉर्मेट को अलविदा कह सकते हैं। आपको बता दें कि विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टी20 फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था, जबकि आईपीएल 2025 के दौरान टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। अब विराट कोहली सिर्फ वनडे मैच खेलते हैं।

फखर जमान के नाम एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन

इस दौरान कोहली ने सचिन तेंदुलकर के कई बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं, लेकिन एक रिकॉर्ड आज भी उनके जहन में होगा। वह है एक वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड। यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमान के नाम है, जिन्होंने 2018-19 में जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 515 रन बनाए थे। फखर जमान ने पांचों पारियों में बल्लेबाजी की थी और तीन बार नाबाद रहे थे। इसमें एक दोहरा शतक और एक शतक के साथ दो अर्धशतकीय पारियां भी शामिल थीं।

इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर जिम्बाब्वे के हैमिल्टन मसाकाद्जा हैं, जिन्होंने केन्या के खिलाफ 2009-10 की सीरीज में 467 रन बनाए थे। उस दौरान उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतकीय पारी खेली थी। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 2018-19 की सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन शतकों की बदौलत 453 रन बना डाले थे। विराट कोहली ने पांचों पारियों में बल्लेबाजी की थी और दो बार नाबाद रहे थे। एरॉन फिंच 451 और सलमान बट 451 रन बनाकर चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज 448 रन बनाकर छठे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2013-14 में श्रीलंका के खिलाफ यह कारनामा किया था।

रोहित शर्मा के नाम एक सीरीज में 441 रन

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2015-16 की सीरीज में 441 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतकीय पारी शामिल थी। इस लिस्ट में क्रिस गेल आठवें स्थान पर हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2018-19 में 424 रन बनाए थे। हाशिम अमला वेस्टइंडीज के खिलाफ 413 रन बनाकर नौवें और फाफ डु प्लेसिस 410 रन बनाकर दसवें स्थान पर हैं।

Updated on:
5 Nov 2026, 8:45 PM IST
Published on: