क्रिकेट

MS Dhoni निभाएंगे मेंटर की भूमिका, IPL 2027 से पहले CSK का बड़ा ऐलान

CSK's Big Announcement: आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी की भूमिका के बारे में बड़ा ऐलान कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 3:19 PM IST
MS Dhoni
एमएस धोनी (Photo - @ChennaiIPL)

आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL - Indian Premier League) का इंतज़ार सभी क्रिकेट फैंस को रहता है। आईपीएल 2027 में अभी समय है, लेकिन इससे पहले 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने बड़ा ऐलान कर दिया है। एमएस धोनी (MS Dhoni) की टीम में भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए सीएसके (CSK) ने बताया कि धोनी आगामी सीज़न में टीम के मेंटर (Team Mentor) की भूमिका में नज़र आएंगे।

क्या कहा टीम के मालिक एन. श्रीनिवासन ने?

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन (N. Srinivasan) ने धोनी के बारे में बात करते हुए कहा, "एमएस धोनी के बिना सीएसके का कोई वजूद नहीं है। लगभग दो दशकों तक हमने जीत, हार और हर तरह के उतार-चढ़ाव के बीच एक-दूसरे के साथ सफर तय किया है और आगे बढ़े हैं। हमारा रिश्ता इतना मज़बूत होने के पीछे एक ही वजह है कि हम एक-दूसरे के इरादों पर कभी सवाल नहीं उठाते। इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया है। 2008 में मैंने जोर देकर कहा था कि धोनी को सीएसके का हिस्सा होना चाहिए। यह मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन फैसला साबित हुआ। सिर्फ इसलिए नहीं कि उन्होंने फ्रेंचाइज़ी के लिए इतनी उपलब्धियाँ हासिल की हैं, बल्कि इसलिए कि वह एक इंसान के तौर पर बहुत बेहतरीन हैं। धोनी हमेशा हमारी टीम की पहचान का हिस्सा रहेंगे। सीएसके हमेशा उनका घर रहेगा।"

क्या कहा रूपा गुरुनाथ ने?

श्रीनिवासन की बेटी और टीम की सह-मालकिन/डायरेक्टर रूपा गुरुनाथ (Rupa Gurunath) ने धोनी के बारे में बात करते हुए कहा, "धोनी जैसा खिलाड़ी जीवन में बस एक बार ही आता है। हम बहुत भाग्यशाली हैं और तहे दिल से आभारी हैं कि वह सीएसके की शुरुआत से ही हमारे साथ रहे हैं और उन्होंने इस टीम की नींव रखी है, जो आज यह टीम है। धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ एक लेजेंड से कहीं बढ़कर हैं। मैदान के अंदर और बाहर, उन्होंने हमें जो कुछ भी दिया है, वह अनमोल है। उनका नेतृत्व, विनम्रता, समर्पण और लाखों फैंस के साथ जुड़ने का उनका अंदाज़ वाकई बहुत खास है। इतने सालों में उन्होंने एक ऐसी विरासत बनाई है और हमें ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें हम जीवन भर संजोकर रखेंगे। धोनी आगे भी एक मेंटर के तौर पर सीएसके परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बहुत कीमती है, खासकर बदलाव के इस दौर में। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं, ऐसे में उनका मार्गदर्शन सीएसके की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा।”