क्रिकेट

कमांडोज के बीच बंदूक थामे दिखे एमएस धोनी, फिटनेस पर पूछा ऐसा सवाल कि उड़ गए सबके होश

Dhoni Shooting Practice with Commandos: आईपीएल 2026 में इंजरी के चलते एक भी मैच न खेलने वाले एमएस धोनी अचानक चेन्नई के एनएसजी (NSG) कैंप पहुंचे। वहां उन्होंने कमांडोज के साथ शूटिंग प्रैक्टिस की और अपनी फिटनेस पर एक मजेदार सवाल पूछा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

2 min read
May 18, 2026
Dhoni Shooting Practice with Commandos

MS Dhoni NSG Camp Chennai Video: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेलने वाले धोनी अचानक चेन्नई के एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) रीजनल हब पहुंच गए, जहां उनका एक बेहद अलग और धांसू अंदाज देखने को मिला। धोनी ने वहां जवानों के साथ वक्त बिताया, खतरनाक हथियारों से शूटिंग प्रैक्टिस की और अपनी फिटनेस को लेकर एक ऐसा मजेदार सवाल पूछ लिया, जिसने वहां मौजूद हर किसी को हंसने पर मजबूर कर दिया। धोनी ने खुद की तरफ इशारा करते हुए कमांडोज से पूछा, 'फिट लग रहा हूं ना?' यह सुनते ही सारे जवान मुस्कुरा दिए और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।

ब्लैक टी-शर्ट और डेनिम जींस पहने धोनी ने कमांडोज के साथ फिटनेस, मुश्किल ट्रेनिंग और शूटिंग की तकनीकों पर काफी चर्चा की। वैसे भी, धोनी का भारतीय सेना से प्यार किसी से छिपा नहीं है। साल 2011 में उन्हें प्रादेशिक सेना (Territorial Army) में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक मिली थी। अब सबसे बड़ा सस्पेंस यह है कि धोनी का यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब सोमवार (18 मई) को चेपॉक में सीएसके का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस सीजन का आखिरी होम मैच है।

'मेरा आखिरी T20 चेन्नई में ही होगा'

माहौल बेहद भावुक है, क्योंकि साल 2021 में धोनी ने खुद कहा था, 'मेरा आखिरी T20 चेन्नई में ही होगा।' सीजन की शुरुआत में उन्हें कैफ स्ट्रेन (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव) हुआ था, जिसकी वजह से वह अब तक नहीं खेल सके। लेकिन अब इस वायरल वीडियो को देखकर फैंस उम्मीद लगा रहे हैं कि थाला चेपॉक के मैदान पर अपनी विदाई मैच के लिए पीली जर्सी पहनकर उतरने वाले हैं।

आज SRH के खिलाफ मैच है खास

भारतीय दिग्गज खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि एमएस धोनी पिछले 2-3 मैचों से मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं और आज SRH के खिलाफ उनके खेलने का अच्छा चांस है। इसके साथ एक बड़ा इमोशनल एंगल भी जुड़ा है। नवंबर 2021 में धोनी ने कहा था, 'उम्मीद करता हूं कि मेरा आखिरी टी20 मैच चेन्नई में होगा।' आज ठीक 5 साल बाद, IPL 2026 में CSK अपना आखिरी होम मैच चेपॉक स्टेडियम में खेल रही है। भले ही संन्यास का ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन धोनी के इस पुराने वादे ने चेपॉक में विदाई जैसा माहौल बना दिया है।

Also Read
View All