
Suryakumar yadav 18 ball Fifty in SMAT 2026: घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली टॉफी 2026 में 16 नवंबर को ग्रुप चरण में दूसरे दौर के मुकाबले खेले गए। कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैम्पस के ग्राउंड-2 पर मुंबई और गुजरात के बीच बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम 19.2 ओवर 197 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में मुंबई की टीम ने 15.4 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 201 रन स्कोर बोर्ड पर लगाते हुए शानदार जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में एक बार फिर सूर्यकुमार यादव का बल्ला खूब चला है। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से 82 रन की विस्फोटक पारी खेली। इससे पहले उन्होंने महज 18 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।
बता दें कि मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के पहले ग्रुप मैच में हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था। उस मैच में उन्होंने महज 21 गेंदों पर 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन की पारी खेली थी और 41 गेंद शेष रहते अपनी टीम को 7 विकेट से जीत दिलाई थी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम 19.2 ओवर में 197 रन पर ऑलआउट हुई। गुजरात के लिए 9वें नंबर पर उतरते हुए आशुतोष शर्मा ने 22 गेंदों पर एक चौके और पांच छक्कों की मदद से 42 रन और विशाल जायसवाल ने 8वें नंबर पर उतरते हुए 21 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। जबकि शीर्ष 6 बल्लेबाजों में से कोई भी 25 के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। वहीं, मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने 15.4 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की। मुंबई की ओर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से 82 रन और सरफराज खान ने 17 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेली। वहीं, गुजरात की ओर से रवि बिश्नोई ने दो विकेट लिए। वहीं, अरज़ान नागवासवाला, विशाल जायसवाल और हर्षल पटेल ने एक-एक विकेट लिया।