
Mumbai Indian New Captain Update: आईपीएल 2027 से पहले 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया और बताया कि शुक्रवार शाम अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान करेगी। इस दौरान उसने एक खिलाड़ी के हाथ की फोटो शेयर की, जिसने मुंबई इंडियंस की कैप को पकड़ा हुआ है। इस फोटो को देखते ही फैंस को खिलाड़ी पहचानने में देर न लगी। यही नहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तो फोटो का इतिहास तक बता दिया।
टीम के पूर्व कप्तान हार्दिक पंड्या को इसी महीने पंजाब किंग्स (Punjab Kings) में ट्रेड कर दिया गया था, जिसके बाद से यह पद खाली है। जिसके बाद पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के एक बार फिर टीम की कमान संभालने की संभावना है। तिलक वर्मा के उप-कप्तान बनने की भी उम्मीद है। कप्तानी की रेस में सूर्यकुमार यादव भी शामिल हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने इस साल टी20 वर्ल्ड कप जीता था और पिछले सीजन पंड्या की गैरमौजूदगी में उन्होंने टीम की कमान भी संभाली थी। इसके अलावा, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इस दौड़ में हैं।
इन सब में रोहित शर्मा का नाम सबसे आगे है और जब से MI ने फोटो शेयर की है, तब से रोहित का दावा और मजबूत हो गया है। कई फैंस का दावा है कि ये फोटो, रोहित शर्मा की है और वो अक्सर कैप हाथ में पकड़ लेते हैं। रोहित की कप्तानी में मुंबई ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीता है। आईपीएल इतिहास में सिर्फ रोहित शर्मा और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ही 5-5 ट्रॉफीज जीती हैं।
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में बेहद खराब रहा था। मुंबई ने अपने 14 लीग मुकाबलों में से केवल चार जीते और 10 टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही, जिससे उसके छठे खिताब का इंतजार और लंबा हो गया।
इस सीजन मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव किया है। कीरोन पोलार्ड को हेड कोच बनाया है, तो रॉबिन उथप्पा बैटिंग कोच, मिशेल मैक्लेनघन बॉलिंग कोच और टी. दिलीप को फील्डिंग कोच बनाया है। इसके अलावा धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच के तौर पर शामिल किया गया है।