
Mumbai Indians potential released players: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) के लिए जैसे-जैसे रिटेंशन और रिलीज की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कयासों का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस के रिटेंशन और रिलीज के फैसले हार्दिक पंड्या के संभावित ट्रेड के आस-पास घूमेंगे। हार्दिक को पंजाब किंग्स में अर्शदीप सिंह के बदले ट्रेड करने की सबसे ज्यादा संभावना है। इसके साथ उन्होंने एमआई के उन दो प्लेयर्स के नाम भी बताए, जिन्हें फ्रैंचाइजी को जरूर रिलीज करना चाहिए, क्योंकि ये टीम पर बोझ बने हुए हैं।
आकाश चोपड़ा ने जियोस्टार पर कहा कि अगर पिछले सीजन में सब कुछ ठीक रहा होता, तो मुंबई की टीम को देखकर आपको लगता है, कुछ भी बदलने की क्या जरूरत है? उनके पास संतुलन है, उनके पास अनुभव है और उनमें जबरदस्त क्षमता है, तो बदलाव क्यों? उन्होंने कहा कि शायद उन्हें एक भारतीय स्पिनर या एक भारतीय पेसर की जरूरत है, जो उन्हें मिल जाएगा। लेकिन, उन्हें बस इतना ही करना था। फिर शहर में सबसे ज्यादा चर्चा हार्दिक पंड्या के ट्रेड की है। यहीं से एमआई के लिए रिटेंशन और रिलीज पर फैसले लेने का सिलसिला शुरू होगा, क्योंकि आपको आमतौर पर ऐसा खिलाड़ी नहीं मिलता। क्या होगा अगर उसकी जगह आपको दो मिल जाएं?
चोपड़ा को लगता है कि मुंबई को कीवी पेसर ट्रेंट बोल्ट को भी रिलीज कर देना चाहिए, जिनका 2026 का सीजन फ्रेंचाइजी के साथ उम्मीद से कम रहा था। ट्रेंट ने 2026 में पांच मैचों में सिर्फ दो विकेट लिए थे। 12.5 करोड़ रुपये बहुत है और बदले में आपको काफी खिलाड़ी मिल सकते हैं। ऐसे में कई लोगों को रिलीज करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हार्दिक का ट्रेड होगा, यह रिलीज या रिटेंशन का सवाल नहीं होगा, क्योंकि उनके बदले आपको सही खिलाड़ी नहीं मिलेगा। इस वजह से आपको पंड्या को रिटेन करना होगा। लेकिन, ट्रेंट बोल्ट के साथ मुझे नहीं लगता कि कोई कन्फ्यूजन है। उन्हें रिलीज करना होगा।
वहीं, चोपड़ा दूसरे रिलीजिंग को लेकर कारण सहित दो नाम सुझाए हैं, जिनमें से एक को छोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस को अगले सीजन के ऑक्शन से पहले केशव महाराज या फिर मिचेल सैंटनर में से किसी एक को हर हाल में रिलीज करने की आवश्यकता है, क्योंकि ये दोनों लेफ्ट-आर्म फिंगर स्पिनर हैं। मुझे लगता है कि आपको महाराज को जाने देना होगा।