क्रिकेट

IPL: बेहतर ऑल-राउंडर तिकड़ी के सवाल पर मचा बवाल, CSK और KKR ने दिए ये रोचक जवाब

आईपीएल 2019 से पहले ट्विटर पर टीमों के बीच एक रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली।
less than 1 minute read
Nov 14, 2018
mumbai indians tweet
IPL: बेहतर ऑल-राउंडर तिकड़ी के सवाल पर मचा बवाल, CSK और KKR ने दिए ये रोचक जवाब

नई दिल्ली। आईपीएल 2019 की शुरुआत में अभी लगभग 5 महीने का वक्त है, लेकिन प्रशंसकों और टीमों में सोशल मीडिया पर एक मजेदार भिड़ंत देखने को मिली है। भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की थी जिसमे उनके साथ कीरोन पोलार्ड और क्रुणाल पंड्या नजर आ रहे हैं। इसी तस्वीर को मुंबई इंडियन ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा कि "इससे बेहतर ऑल-राउंडर तिकड़ी खोज के दिखाओ, हम इन्तजार कर रहे हैं।" इसी के बाद से ट्विटर पर आईपीएल टीमों व प्रशंसकों में बेस्ट ऑल-राउंडर तिकड़ी की खोज शुरू हो गई है। सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए इस जंग में कूदकर इसको मजेदार बना दिया है।


सनराइजर्स ने दिया यह जवाब-
सनराइजर्स ने मुंबई की इस तस्वीर के जवाब में राशिद खान, मोहम्मद नबी और शाकिब अल हसन की तस्वीर साझा करते हुए इसका जवाब दिया और लिखा "इंतजार ख़त्म हो गया है।" मुंबई ने इसपर चुटकी लेते हुए अपनी तीन आईपीएल ट्रॉफियों की तस्वीर साझा करते हुए लिखा इन्तजार अभी जारी है। इन सभी कमैंट्स और रीट्वीट पर प्रशंसक भी खूब मजे ले रहे हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स का जवाब-
इस ट्वीट के जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर शेयर की। इस एक तस्वीर में धोनी तीन जगह दिखाई दे रहे हैं। चेन्नई के इस जवाब पर भी लोगों ने खूब मजे लिए।

कोलकाता नाइट राइडर्स का जवाब-
कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए तस्वीर साझा की। शेयर की गई तस्वीर में आंद्रे रसेल, सुनील नरेन और जैक कालिस हैं।

Published on:
14 Nov 2018 03:15 pm